Barabanki News : मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, निरीक्षण के दौरान बोले डीएम
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने विकास खंड निन्दूरा के ग्राम गुमगौर कुर्सी में 23 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहे मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से माध्यमिक स्तर) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय मुख्यमंत्री की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बरसात के दौरान संभावित जलभराव वाले स्थानों पर पहले से मिट्टी पटाई कराने, सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों की उपलब्धता और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार कार्य में तेजी लाने को भी कहा।
उन्होंने परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग और किसी भी बाधा का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस के परियोजना प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
