बरेली: किसानों की आर्थिक सेहत के लिए भी फायदेमंद है भिंडी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। गर्मियों के मौसम में अधिकांश लोगों की मनपसंद सब्जी भिंडी मानी जाती है। इसमें कई प्रकार के पौष्टिक तत्व, विटामिन, प्रोटीन, कार्बोहाईड्रेट, कैल्शियम और आयरन पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं। किसानों के लिए इसकी खेती काफी लाभदायक है। इसे लेकर कृषि विभाग ने जनवरी के अंत में तैयारी और फरवरी में …

अमृत विचार, बरेली। गर्मियों के मौसम में अधिकांश लोगों की मनपसंद सब्जी भिंडी मानी जाती है। इसमें कई प्रकार के पौष्टिक तत्व, विटामिन, प्रोटीन, कार्बोहाईड्रेट, कैल्शियम और आयरन पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं। किसानों के लिए इसकी खेती काफी लाभदायक है। इसे लेकर कृषि विभाग ने जनवरी के अंत में तैयारी और फरवरी में बुवाई की सलाह दी है।

कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक वीरेंद्र गंगवार बताते हैं कि सब्जी की खेती करने वाले अधिकतर किसान भिंडी की फसल उगाकर कम लागत में लाखों रुपये कमा लेते हैं। उन्होंने बताया कि भिंडी का उत्पादन पूरे देश में होता है। भिंडी उत्पादन में विश्व में भारत प्रथम स्थान पर माना जाता है। इसलिए किसानों को ग्रीष्मकालीन भिंडी की बुवाई के लिए अभी से तैयारी करना बेहद जरूरी है। वर्तमान में जिले में भिंडी की खेती करीब पचास हेक्टेयर क्षेत्र में होती है। बहेड़ी, मीरगंज, शेरगढ़ आदि में भिंडी उत्पादन ज्यादा किया जाता है।

बुवाई का ये है बेहतर तरीका

ग्रीष्मकालीन भिंडी की बुवाई के लिए फरवरी-मार्च का मौसम बेहद अनुकूल होता है लेकिन इसकी तैयारी जनवरी में शुरू हो जाती है। खरीफ की खेती के लिए आठ से दस किलोग्राम, ग्रीष्मकालीन फसल के लिए 18 से 20 किलोग्राम बीज प्रति हेक्टेयर उपयुक्त है। खरीफ की फसल के लिए लाइन से लाइन 45 से 60 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 25 से 30 सेमी होनी आवश्यक है। बीज की बुवाई से पहले 12 से 15 घंटे तक पानी में भिगोना चाहिए और छाया में सुखाना चाहिए।

कैसे करें खाद एवं उर्वरक का प्रयोग

भिंडी की सब्जी की बुवाई से करीब एक महीने पहले 200 से 300 क्विंटल गोबर की खाद खेत में डालनी चाहिए। इसके अलावा नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश को भी मिट्टी में देना चाहिए। नाइट्रोजन की एक तिहाई मात्रा, फास्फोरस व पोटाश की पूरी मात्रा बुवाई से पूर्व मिट्टी में मिला देनी चाहिए। बुवाई के बाद भी नाइट्रोजन को खेतों में डालना चाहिए।

संबंधित समाचार