Barabanki Accident News : टक्कर के बाद डंपर और ट्रक में लगी आग, चालक जिंदा जला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। हैदरगढ़ भिटरिया मार्ग पर गुरुवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। आपस में टकराने के बाद डंपर व ट्रक आग की लपटों से घिर गए। केबिन में फंसे रह गए ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों के क्लीनर व एक चालक बच गए। इस घटना के बाद करीब पांच घंटे तक जाम की स्थिति रही, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार यह हादसा हैदरगढ़ भिटरिया मार्ग पर गढ़ी गांव स्थित रेलवे क्रासिंग के निकट गुरुवार देर रात हुआ। मौरंग लदा ट्रक अहमदपुर से महोबा जबकि ईंट लदा डंपर बांदा से बाराबंकी जा रहा था। रेलवे क्रासिंग के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। भीषण भिड़ंत में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनसे आग की लपटें उठने लगीं।

घटना के समय ट्रक में चालक और क्लीनर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्लीनर किसी तरह आग और धुएं के बीच से निकलकर बाहर आने में कामयाब हो गया लेकिन ट्रक चालक थाना असंद्रा के गांव पूरे मंसूर निवासी धर्मेंद्र कुमार पाल 30 केबिन के अंदर ही फंस रह गया। अाग में घिरे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।

फायर ब्रिगेड को भी तुरंत बुलाया गया। स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने मिलकर आग पर काबू पाने का अथक प्रयास किया। आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन दोनों वाहन पूरी तरह से जलकर राख हो चुके थे। पांच घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही, बाद में ट्रक के केबिन से चालक का जला हुआ शव बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

अंतिम संस्कार रोक पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

कोठी: सिद्धौर चौकी क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों के बीच विवाद खड़ा हो गया। मृतक की पत्नी ने ससुराल पक्ष पर बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सिद्धौर-जैदपुर मार्ग पर मंगलवार देर रात बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे अमहट गांव निवासी प्रवेश रावत तथा ऑटो सवार हाजीपुर श्यामनगर निवासी राहुल रावत 25 पुत्र राम बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि हादसे के बाद राहुल रावत के परिजन बिना पोस्टमार्टम शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, जबकि मृतक की पत्नी और मायका पक्ष पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़ गए। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने सिद्धौर चौकी पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ श्मशान घाट पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक दोनों पक्षों को समझाया, परिजनों के राजी होते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे में भतीजे की मौत, चाचा मामूली जख्मी

सूरतगंज : मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में गुरुवार को डीसीएम और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि बाइक पर पीछे बैठा चाचा घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी फतेहपुर भेजा।

जानकारी के अनुसार सीतापुर के थाना थानगांव अंतर्गत ईंट गांव निवासी इमरान (22) पुत्र यूसुफ अली गुरुवार को चाचा अबरार (45) के साथ बाइक से बेलहरा स्थित रिश्तेदारी में बकरीद मिलने जा रहा था। बेलहरा-महमूदाबाद रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के निकट बाईपास मोड़ पर बाइक सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में भतीजे इमरान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया,जबकि बाइक पर पीछे बैठे चाचा अबरार घायल हो गए। घटना के बाद चालक डीसीएम समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी फतेहपुर भेजा। जहां चिकित्सकों ने इमरान को मृत घोषित कर दिया। वहीं अबरार को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे और चीख पुकार मच गई। चौकी प्रभारी अरविंद पटेल ने बताया कि हादसे के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हादसे में बाइक सवार मां बेटा घायल 

फतेहपुर: शुक्रवार हुए सड़क हादसे में मां-बेटे घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ढकौली गांव निवासी तारावती (47) अपने बेटे अनिरुद्ध के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इनकी बाइक को अछैछा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से मां-बेटे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने घायल महिला तारावती का उपचार शुरू किया। महिला को गंभीर चोटें आई हैं, वहीं बेटे अनिरुद्ध को मामूली चोटें आईं।

संबंधित समाचार