Moradabad News: दिन में सूरज की तपिश में झुलसे, शाम को तेज आंधी के साथ बारिश और पड़े ओले

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मौसम भी खूब रंग दिखा रहा है। गुरुवार की रात दस बजे के बाद तेज आंधी बारिश व ओलावृष्टि हुई तो अगले दिन शुक्रवार को तेज धूप व उमस बढ़ी। शनिवार को भी दिन भी सूरज की तपिश ने लोगों को झुलसाया। लेकिन शाम को अचानक मौसम ने करवट लिया। तेज आंधी बारिश के बाद ओले भी पड़े। खुद को सुरक्षित करने के लिए राहगीर दुकानों और पेड़ की ओट में छिपे। करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश से शहर में कई जगह जलभराव होने से आवागमन में परेशानी हुई।

शुक्रवार को मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया था कि 24 घंटे में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे या इससे भी अधिक तेज गति से तेज आंधी तूफान मुरादबाद मंडल के जिलों के अलावा पश्चियी यूपी के कई अन्य जिलों में हो आएगी। इसको लेकर जिला प्रशासन भी सतर्क रहा। लेकिन सुबह से ही मौसम साफ रहा। दोपहर में तेज धूप और उमस से लोग बेहाल रहे। दोपहर में सूरज की तपिश ने लोगों को झुलसाया। हालांकि लू नहीं चली। लोग आकाश की ओर टकटकी लगाए थे। अचानक पांच बजे के बाद मौसम ने करवट ली। 

थोड़ी ही देर में तेज आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई। कुछ देर बार ओले भी पड़ने लगे। अचानक ओलावृष्टि से बचने के लिए राहगीर दुकानों के शेड की ओट और पेड़ के नीचे खड़े हो गए। करीब एक घंटे की तेज बारिश से शहर के आशियाना कॉलोनी फेज एक और दो में नाला ओवरफ्लो होने से सड़कों पर जलभराव हो गया। गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। दोपहिया वाहनों के साइलेंसर में पानी घुसने से बंद होने के बाद लोग पैदल उतर की वाहन खींचकर जाते दिखे। बाजारों में भी अफरा तफरी मच गई। 

लोग सुरक्षित स्थान तलाशने में जुट गए। सात बजे के करीब बारिश बंद हो गई। जिससे तपिश और उमस से लोगों को राहत मिली। लेकिन जलभराव से मुश्किल बनी रही। धीरे-धीरे कर सड़कों का पानी निकला तो आवागमन सामान्य हुआ। वहीं आंधी बारिश के दौरान बिजली गुल होने से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दो जून तक ऐसे ही आंधी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। दो जून के बाद फिर तापमान बढ़ेगा।

संबंधित समाचार