पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर तैनात उड़ीसा के श्रमिक की संदिग्ध मौत: रातभर लापता रहने के बाद तालाब में उतराता मिला शव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पीलीभीत, अमृत विचार: रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य में ठेकेदार के अंडर में काम कर रहे उड़ीसा के श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रातभर लापता रहने के बाद दूसरे दिन उसका शव तालाब में मिला। साथी व परिवार के सदस्य तलाशते हुए पहुंचे तो शव देख होश उड़ गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। श्रमिक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा।

बता दें कि पिछले काफी समय से अमूत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर कार्य चल रहा है। इसमें उड़ीसा के रहने वाले 55 वर्षीय मुथाइन पुत्र कन्हाईलाल भी मजदूरी कर रहे हैं। करीब एक साल से वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काम कर रहे हैं। कुछ ही दूरी पर झोपड़ी डालकर रहते हैं। बताते हैं कि गुरुवार रात में किसी वक्त वह झोपड़ी से निकलकर गए। इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी देर बाद भी न आने पर परिजन चिंतित हुए और तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह दोबारा परिजन तलाशते हुए चंद कदमों की दूरी पर रेलवे स्टेशन के नजदीक तालाब की तरफ गए थे श्रमिक का शव मिला। उसके शौच को जाने के दौरान डूबने से मौत होने की आशंका जताई गई। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस पहुंची और जानकारी की। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसी तरह का आरोप परिवार ने नहीं लगाया है।

श्वांस की बीमारी से थे ग्रसित

करीब एक साल से परिवार के साथ रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्य में मजदूरी कर रहे मुथाइन बीमार भी थे। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें श्वांस लेने में दिककत हो जाया करती थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि रात को शौच के लिए जाने के बाद कोई दिककत हुई होगी और वह तालाब में गिर गए, जिससे डूबने से मौत हो गई होगी। फिलहाल मोत की वजह जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

 

संबंधित समाचार