एटा : मॉर्निंग वाक पर निकली महिला को दिनदहाड़े मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार की सुबह सैर के दौरान अज्ञात हमलावरों ने कथित रूप से जमीन के विवाद को लेकर एक महिला को गोली मार दी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले की पुलिस ने इसकी जनकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना जसरथपुर थाना क्षेत्र के दहेलिया पूठ गांव में ग्राम सचिवालय के पास सुबह करीब पांच बजकर 10 मिनट पर हुई। 

उन्होंने बताया कि राजेश मिश्रा की पत्नी साधना मिश्रा (40) रोज की तरह सुबह की सैर के लिए निकली थीं, तभी उनके पास एक गाड़ी रुकी और उसमें से उतरे लोग कथित तौर पर उनका पीछा करने लगे। सूत्रों ने बताया कि पीछा कर रहे लोगों में से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर साधना को पकड़ लिया और गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं। 

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को अलीगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूत्रों ने बताया कि घायल महिला ने तो आरोपियों को पहचानने का दावा करते हुए उनके नाम बल्लू और गुलबहार बताये हैं। चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शक्ति मीणा ने बताया कि महिला को गोली लगने से गंभीर चोट आई थी और उसकी हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बड़े चिकित्सा केंद्र में भेज दिया गया है। 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किये जा रहे हैं। 

 

ये भी पढ़ें  : 
विश्व पर्यावरण दिवस से पहले सीएम योगी की बड़ी पहल, 'प्रकृति को बचाने का संकल्प', बच्चों-युवाओं को बताया बड़ी ताकत 

संबंधित समाचार