बरेली: लैटिन अमेरिका से लौटा कैप्टन संक्रमित, स्ट्रेन की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। विदेश से लौटे शहर के सिविल क्षेत्र के निवासी एक शिप कैप्टन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंग्लैंड में कोरोना के खतरनाक वायरस स्ट्रेन का प्रकोप होने की वजह से उनका सैंपल जांच कराने के लिए दिल्ली भेजा गया है। फिलहाल उन्हें स्ट्रेन की आशंका वजह से विशेष वार्ड में रखा …

अमृत विचार, बरेली। विदेश से लौटे शहर के सिविल क्षेत्र के निवासी एक शिप कैप्टन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंग्लैंड में कोरोना के खतरनाक वायरस स्ट्रेन का प्रकोप होने की वजह से उनका सैंपल जांच कराने के लिए दिल्ली भेजा गया है। फिलहाल उन्हें स्ट्रेन की आशंका वजह से विशेष वार्ड में रखा गया है।

इस बारे में वीडियो जारी करके कोविड-19 के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि कुछ दिनों पहले विदेश से आए सभी 23 लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट आ गई है। इनमें लैटिन अमेरिका से लौटे शिप कैप्टन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऐसे में नए स्ट्रेन की जांच भी की जा रही। इसके लिए सैंपल दिल्ली भेजा गया है। हालांकि, उनकी पत्नी की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है।

शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र के निवासी युवक मर्चेंट नेवी में शिप कैप्टन हैं। वह 28 नवंबर को लैटिन अमेरिका के पलामा गए थे। इसके साथ ही लंदन भी गए थे। वहां उनको चार-चार घंटे रुकना पड़ा था। इसके बाद वह जब दिल्ली लौटे तो उनकी एंटीजन जांच कराई गई जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद उन्हें दिल्ली में सात दिन तक क्वारंटाइन किया गया था। कुछ दिन पहले ही वह बरेली लौटे थे जिसके बाद परिवार समेत लखनऊ में एक समारोह में गए थे।

बीते दिनों से कोरोना संक्रमण स्ट्रेन की वजह से बाहर से आने वाले लोगों के लिए गाइडलाइन में बदलाव किया गया है। इसके चलते जब वह बरेली में आए तो 25 दिसंबर को उनकी कोरोना की जांच कराई गई। शनिवार को उनकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्ट्रेन की आशंका की वजह से आईवीआरआई में आरटीपीसीआर जांच कराने के साथ ही शिप कैप्टन का एक सैंपल दिल्ली स्थित काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (सीएसआईआर) भेजा गया है। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही जानकारी हो सकेगी कि शिप कैप्टन कहीं नए स्ट्रेन की चपेट में तो नहीं आ गए।

हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने सावधानी बरतते हुए उन्हें 300 बेड कोविड अस्पताल में कोरोना स्ट्रेन वायरस के लिए बनाए गए वार्ड में रखा है। यही नहीं, शिप कैप्टन की निगरानी के लिए अलग से मेडिकल यूनिट लगाई गई है। यह टीम हर वक्त उन पर निगरानी रखेगी।

संबंधित समाचार