Uttarakhand PCS Result : उत्तराखंड पीसीएस-2024 का रिजल्ट घोषित, जसमीत कौर बनी टॉपर
एसडीएम पद पर जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विराल शर्मा, उज्ज्वल दालाकोटि और काजल सैनी का चयन हुआ है।
अमृत विचार : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) 2024 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। लंबे अरसे से परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे उन अभ्यर्थियों के परिवारों में जश्न छा गया, जिन्होंने सफलता हासिल की है। बेटियों का प्रदर्शन एक बार फिर शानदार रहा। जसमीत कौर उत्तराखंड पीसीएस की टॉपर बनी हैं।
डिप्टी कलक्टर (SDM) पद पर नौ अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इसमें जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विराल शर्मा, उज्ज्वल दालाकोटि और काजल सैनी शामिल हैं। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर 10 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड पद के लिए 5 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। पंचायती राज अधिकारी, कार्याधिकारी जिला पंचायत और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी पद पर एक-एक अभ्यर्थी का चयन हुआ है। ग्रामोद्योग अधिकारी पद पर 6 अभ्ययर्थी नियुक्त हुए हैं। वहीं, 58 अभ्यर्थी उप-शिक्षा अधिकारी बने हैं।
दोनों विंग की टॉपर बेटियां
पीसीएस-2024 की ओवरऑल टॉपर जसमीत कौर रही हैं। वह एसडीएम बनी हैं। डीएसपी की सूची में पहले स्थान पर अदिति पुनेठा हैं।
राज्य सेवा में अहम भूमिका
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पीसीएस का परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए कहा कि विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थी राज्य की सेवा में अहम भूमिका अदा करने जा रहे हैं। आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट अपडेट है। अभ्यर्थी अपना परिणाम देख सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों को सफलता नहीं मिली है। उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। दोबारा प्रयास करें। उनके लिए सीखने का एक और मौका है। अच्छी से तैयारी करें और अगली परीक्षा में अपना बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करें।
