तेरे पति को मार दिया, डेडबॉडी उठा लो... मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, कार में मिली लाश

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

अमृत विचार, मेरठ। मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 23 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी को सोमवार रात घर से खाना लेकर निकलते ही किडनैप कर लिया गया। कुछ देर बाद हमलावरों ने स्कॉर्पियो के अंदर ही माथे और गले में दो गोलियां मारकर तुषार त्यागी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे ने मृतक की पत्नी को फोन करके कहा कि - “तेरे पति को मार दिया, डेडबॉडी कार में पड़ी है, जाकर उठा ले।

प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे तुषार

मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

बता दें कि तुषार त्यागी हापुड़ के दोयमी गांव के रहने वाले थे। वह खेती के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। तुषार का 4 जून को 24वां जन्मदिन होने वाला था। दो साल पहले उनकी शादी शिखा से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। सोमवार शाम करीब 8 बजे उन्हें किसी का फोन आया। परिजनों के मुताबिक किसी ने भूख लगी है कहकर खाना बनवाकर लाने की बात कही थी। इसके बाद तुषार खाना लेकर अपनी स्कॉर्पियो से निकल गए। रात करीब 9 बजे तुषार ने पत्नी शिखा त्यागी को फोन किया और बताया कि- “बिट्टू उर्फ अरविंद त्यागी और उसके साथी ने उनको किडनैप कर लिया है और जंगल की ओर ले जा रहे हैं। ये लोग मार डालेंगे।” इसके तुरंत बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया। कॉल काटने के बाद परिवार वाले और गांव के लोग तुषार की तलाश में जुट गए। रात करीब 10 बजे अरविंद उर्फ बिट्टू ने फोन किया और कहा कि मैंने तुषार को गोली मार दी है। उसकी लाश कार में पड़ी है, जाकर उठा लो।

पांची अंडरपास पर मिला खून से लथपथ शव

मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या (3)

वारदात की जानकारी होते ही परिवार ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ लोग हापुड़ रोड पर पांची अंडरपास के पास पहुंचे। जहां स्कॉर्पियो के ड्राइवर सीट पर तुषार का शव सिर स्टीयरिंग पर टिका हुआ मिला। पूरा वाहन खून से लथपथ था। आनन-फानन में घर वाले तुषार को एनसीआर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

पुरानी रंजिश में हुई हत्या!

मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या (1)

पत्नी शिखा त्यागी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ दिन पहले गांव के तरुण त्यागी से तुषार का विवाद हुआ था। तरुण ने जान से मारने की धमकी दी थी। तब राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी ने दोनों पक्षों को अपने घर बुलाकर समझौता कराया था। फ़िलहाल, पत्नी शिखा ने तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित

मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या (2)

एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। बताते चलें कि यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला गई है। प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है।

संबंधित समाचार