Bareilly News: व्यापारी को प्रताड़ित करने वाले घरों से हुए फरार, चार पुलिस वालों पर हो चुकी है निलंबन की कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। हाफिजगंज के व्यापारी से प्लांट देने के बहाने 10 लाख रुपये लूटकर पुलिस से जुल्म कराने के आरोपी कार्रवाई के डर से भूमिगत हो गए हैं। सुलह के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मामले में चार सिपाहियों को एसएसपी सस्पेंड कर चुके हैं। अफसरों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोग कार्रवाई से बच नहीं पाएंगे।
प्लॉट दिलाने का झांसा देकर की थी ठगी
थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव ग्राम आसपुर हसन अली निवासी सोमवीर कश्यप ने आरोप लगाया था कि मुडिया अहमद नगर एक चर्चित प्रॉपर्टी डीलर ने विकसित की जा रही कॉलोनी में उसको प्लॉट दिलाने का झांसा दिया था। शिकायत के अनुसार, 12 मई 2026 को वह अपने मित्र शिवम के साथ न्यू विलयधाम ढाबा पहुंचा, जहां से उसे मुडिया अहमद नगर का रहने वालो प्रॉपर्टी डीलर डोहरा लेकर आया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उसके 10 लाख रुपये लूटकर भाग गए।
प्रॉपर्टी डीलर घर छोड़कर फरार
पुलिस ने इस मामले की जांच कर रही है। पूरे मामले में दोषी पाए गए चार सिपाहियों को एसएसपी अनुराग आर्य ने पांच दिन पहले निलंबित कर दिया था। अब सोमवीर कश्यप के आरोपों की जांच चल रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि मुडिया अहमद नगर का रहने वाला आरोपी प्रॉपर्टी डीलर भी घर से फरार है। वह घटना करने का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। वहीं एक आरोपी पुलिस को अपनी बेगुनाही के साक्ष्य प्रस्तुत कर रहा है। पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है और लूट के साक्ष्य मिलते ही इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
