UP News: शाहजहांपुर स्टेशन पर रुकी वंदेभारत एक्सप्रेस, पहले ही दिन 7 मिनट पहले पहुंची तो यात्रियों के खिले चेहरे
जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर स्टेशन से ट्रेन को किया रवाना
शाहजहांपुर वालों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। बुधवार को वंदेभारत एक्सप्रेस का ठहराव शाहजहांपुर स्टेशन पर हुआ तो यात्रियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। खास बात ये रही कि पहले ही दिन ट्रेन सात मिनट पहले पहुंची तो यात्रियों के चेहरे खिले नजर आए।
बरेली, अमृत विचार। शाहजहांपुर वालों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। बुधवार को वंदेभारत एक्सप्रेस का ठहराव शाहजहांपुर स्टेशन पर हुआ तो यात्रियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। खास बात ये रही कि पहले ही दिन ट्रेन सात मिनट पहले पहुंची तो यात्रियों के चेहरे खिले नजर आए।

सात मिनट पहले पहुंची वंदेभारत
दरअसल शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 22545/22546 लखनऊ-देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की मंजूरी रेलवे बोर्ड ने दी थी। बुधवार से ट्रेन का नियमित ठहराव किया जाना था। लिहाजा स्टेशन पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। अपने निर्धारित समय से सात मिनट पहले ठीक सुबह 7 बजकर 27 मिनट पर ट्रेन शाहजहांपुर स्टेशन पहुंची। मुरादाबाद रेल मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का धन्यवाद किया। वहीं जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

ये जनप्रतिनिधि रहे कार्यक्रम में मौजूद
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, सहकारिता मंत्री जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर के प्रतिनिधि डीपीएस राठौर, केंद्रीय मंत्री कौशल मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा समेत मुरादाबाद रेल मंडल के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मुरादाबाद मंडल की टीम ने कार्यक्रम में आए मेहमानों का तिलक कर स्वागत किया।

आसपास के लोगों को मिलेगा फायदा
रेल यात्रियों का कहना है कि वंदे भारत के ठहराव से न केवल शाहजहांपुर बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी फायदा मिलेगा। अब यात्रियों को इस आधुनिक ट्रेन में सफर करने के लिए दूसरे बड़े स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय की बचत होगी और यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक बनेगी।

दो मिनट का ठहराव, बड़ी सुविधा
22545 वंदे भारत एक्सप्रेस : सुबह 7:34 से 7:36 बजे तक ठहराव
22546 वंदे भारत एक्सप्रेस : रात 8:04 से 8:06 बजे तक ठहराव
तीन जून से नियमित रूप से दोनों ट्रेनों का ठहराव शुरू
