यूपी के युवाओं में  स्पोर्ट्स कॉलेजों के लिए जबरदस्त क्रेज, 518 सीटों पर 2600 आवेदन; जानिए कब और कहा होगी प्रवेश परीक्षा  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-518 सीटों पर 2600 दावेदार, खेलों को करियर के रूप में देख रहे युवा -फिजिकल, स्किल टेस्ट और जैविक आयु जांच के बाद मिलेगा प्रवेश

लखनऊ, अमृत विचार: योगी सरकार की खेल नीति और आधुनिक सुविधाओं का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए रिकॉर्ड आवेदन आए हैं। 518 सीटों के लिए करीब 2600 छात्रों ने आवेदन किया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बड़ा उछाल माना जा रहा है। इससे साफ है कि युवा अब खेलों को केवल शौक नहीं, बल्कि करियर के रूप में अपनाने लगे हैं।

लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, सहारनपुर और फतेहपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए आवेदन मांगे गए थे। पिछले वर्ष जहां करीब 1800 आवेदन आए थे, वहीं इस बार संख्या बढ़कर लगभग 2600 पहुंच गई। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह मेरिट और प्रदर्शन आधारित रखा गया है। प्रारंभिक चयन परीक्षा 100 अंकों की है, जिसमें 50 अंक फिजिकल टेस्ट और 50 अंक स्किल व गेम टेस्ट के निर्धारित किए गए थे। दोनों में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए हैं।

प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब मुख्य चयन परीक्षा में शामिल किया जाएगा। खेलवार और कॉलेजवार मुख्य चयन परीक्षा 3-4 जून तथा 5-6 जून को आयोजित होगी। इसमें खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। मुख्य चयन परीक्षा के बाद श्रेष्ठता सूची जारी होगी और चयनित अभ्यर्थियों की जैविक आयु जांच कराई जाएगी। इसके बाद काउंसलिंग, प्रमाणपत्र सत्यापन और कॉलेज वरीयता के आधार पर अंतिम प्रवेश दिया जाएगा।

स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के प्रधानाचार्य दीपेंद्र यादव ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करना और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना है।

3 से 6 जून तक होगी मुख्य परीक्षा

मुख्य चयन परीक्षा में फिजिकल टेस्ट के 50 और स्किल व गेम टेस्ट के 50 अंक निर्धारित किए गए हैं। स्किल टेस्ट के लिए 30 और गेम टेस्ट के लिए 20 अंक तय हैं। खेल विशेषज्ञ मैदान पर खिलाड़ियों की प्रतिभा का मूल्यांकन करेंगे।

ये भी पढ़ें  : 

 

 

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार