SRH Captaincy Big Update: अगले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के फुल-टाइम कप्तान बनेंगे ईशान किशन? पैट कमिंस के इस फैसले से चमकी भारतीय स्टार की किस्मत!
नई दिल्लीः आईपीएल 2026 में अपने बल्ले और कप्तानी से गदर मचाने वाले ईशान किशन के सितारे इन दिनों बुलंदियों पर हैं। आईपीएल के शानदार सीजन के बाद अब वे अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में टीम इंडिया की जर्सी में धमाल मचाने को तैयार हैं। इसी बीच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो ईशान किशन अगले साल (आईपीएल 2027) सनराइजर्स हैदराबाद के फुल-टाइम कप्तान बनाए जा सकते हैं।
अब सवाल यह उठता है कि पैट कमिंस जैसे दिग्गज कप्तान के होते हुए हैदराबाद मैनेजमेंट ईशान को यह जिम्मेदारी क्यों सौंप रहा है? इसकी वजह कमिंस की कप्तानी नहीं, बल्कि उनका वर्कलोड (Workload) है।
पैट कमिंस ने दिए आईपीएल छोड़ने के संकेत
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने हाल ही में एक इवेंट के दौरान साफ कर दिया कि अगले साल होने वाली एशेज सीरीज और वनडे वर्ल्ड कप उनकी सबसे पहली प्राथमिकता हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट के भारी शेड्यूल को देखते हुए वे आईपीएल से ब्रेक ले सकते हैं।
कमिंस ने अपने बयान में कहा कि "अगले साल (2027) मुझे अपने वर्कलोड को मैनेज करने के लिए किसी एक टूर्नामेंट को छोड़ना होगा, लेकिन वो टेस्ट क्रिकेट या वनडे वर्ल्ड कप बिल्कुल नहीं होगा। अगर मैं भारत में पूरा सीजन खेलता हूं, तो मुझे एशेज से ठीक पहले ब्रेक की जरूरत पड़ेगी। मैं अपनी चोटों को देखते हुए समय पर ही अंतिम फैसला लूंगा।"
क्यों ईशान किशन हैं कप्तानी के सबसे परफेक्ट दावेदार?
अगर पैट कमिंस अगले सीजन में नहीं खेलते हैं, तो यह हैदराबाद के लिए बड़ा झटका जरूर होगा, लेकिन फ्रेंचाइजी के पास ईशान किशन के रूप में एक बेहतरीन विकल्प पहले से तैयार है। आईपीएल 2026 में जब कमिंस उपलब्ध नहीं थे, तब ईशान ने टीम की कमान बखूबी संभाली थी।
ईशान किशन: कप्तानी और बल्लेबाजी के दमदार आंकड़े (IPL 2026)
ईशान ने 8 मैचों में SRH का नेतृत्व किया, जिसमें से टीम ने 5 मैच जीते और सिर्फ 3 में हार का सामना किया। कप्तान की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने 8 मैचों में शानदार 312 रन कूटे। कुल मिलाकर पूरे आईपीएल 2026 में ईशान के बल्ले से कुल 602 रन निकले, जो उनके बेहतरीन फॉर्म को दर्शाता है।
आईपीएल 2026 में फीका रहा था कमिंस का जादू
वर्कलोड के अलावा पैट कमिंस का पिछला सीजन (IPL 2026) गेंदबाजी के लिहाज से बेहद साधारण रहा था। उन्होंने सीजन के मुकाबलों में केवल 8 विकेट चटकाए और इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 11 रन प्रति ओवर से भी ज्यादा का रहा।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में कमिंस काफी महंगे साबित हुए थे और उन्होंने अपने स्पेल में 64 रन लुटा दिए थे। इस हार के साथ ही हैदराबाद का सफर खत्म हो गया था।
खराब फॉर्म और इंटरनेशनल कमिटमेंट्स के चलते पैट कमिंस का अगले साल आईपीएल खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान पूरी तरह से ईशान किशन के हाथों में सौंपे जाने की पूरी उम्मीद है।
