पीलीभीत : अनूप अग्रवाल को मिली अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की कमान, विनीत बने जिला महामंत्री और संजय नगर अध्यक्ष
पीलीभीत, अमृत विचार: संगठन में पदाधिकारियों के बीच लंबे समय से चली आ रही खींचतान का हवाला देते हुए बीते दिनों उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले व्यापारी नेता/समाजसेवी अनूप अग्रवाल के आगामी निर्णय को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का अनूप अग्रवाल को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और व्यापारी हितों के प्रति समर्पित बनाने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। जिसमें अनूप अग्रवाल को पीलीभीत का पीलीभीत का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही दिवेश बंसल को प्रदेश उपाध्यक्ष, अश्वनी अग्रवाल को प्रदेश मंत्री पद पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त संगठन के विस्तार एवं मजबूती को ध्यान में रखते हुए विनीत अग्रवाल को जिला महामंत्री और संजय अग्रवाल को नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शीघ्र ही कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने का कार्य करें। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाने और जनपद एवं प्रदेश स्तर पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
