UP News: पर्यावरण दिवस पर हर-भरा होगा रामपुर, 24.86 लाख पौधे लगाने की तैयारी
तालाबों, नहरों, स्कूलों और ग्राम समाज की भूमि पर होगा पौधरोपण
रामपुर, अमृत विचार। 5 जून कल मनाए जाने वाले पर्यावरण दिवस से वन महोत्सव तक 24 लाख 86 हजार पौधरोपण कराए जाने का लक्ष्य वन विभाग को मिला है। आम, जामुन, नींबू, सहजन, सागोन, नीम और गुलमोहर के पौधे रोपित कराए जाएंगे। इसके अलावा विभाग द्वारा मिशन लाइफ के तहत स्कूलों में बच्चों को शपथ दिलाई जाएगी। तालाबों, नहरों, स्कूलों और ग्राम समाज की भूमि पर पौधरोपण कराया जाएगा ताकि, पर्यावरण बेहतर बनें।
शासन से मिला 24.86 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
जंगलों के कटान और कंक्रीट की इमारतें बनने से जलवायु परिवर्तन होने लगा है। जलवायु परिवर्तन से हर खासो आम चिंतित है। कश्मीर में हुए जी-20 सम्मेलन में भी दुनिया भर के वैज्ञानिकों ने जलवायु परिवर्तन पर चिंता जताई और पर्यावरण को बेहतर बनाए जाने पर जोर दिया गया है। पर्यावरण को बेहतर बनाए जाने के लिए शासन से इस बार जिले में 24 लाख 86 हजार पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
20 प्रतिशत फलदार पौधे लगाए जाएंगे
वन विभाग द्वारा पौध तैयार करा ली गई है डीएफओ पंकज जैन ने बताया कि इस बार 20 प्रतिशत फलदार पौधों को भी तैयार कराया गया है। उन्होंने बताया कि फलदार पौधे इस लिए रोपित कराए जाएंगे ताकि आने वाले समय में पक्षियों को भोजन की तलाश में दूर तक उड़ान न भरना पड़े। कहा कि फलदार वृक्षों पर पक्षी अपना घोंसला भी बना सकेंगे और वहीं आसपास उन्हें फलदार वृक्षों से भोजन भी उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने बताया कि नीम, सहजन, सागोन, अर्जुन, जामुन, कंजी, गुलमोहर, आम और नींबू के पौधे रोपित कराए जाएंगे।
रखवाली नहीं होने से नहीं पनप पाते पौधे
पर्यावरण दिवस से वन महोत्सव तक लाखों पौधे हर साल रोपित कराए जाते हैं लेकिन, लगाए गए पौधों की रखवाली नहीं होने के कारण वह नहीं पनपते और उनकी मौत हो जाती है। जबकि, पौधों की परवरिश अपनी औलाद की तरह करना पड़ती है। यदि हर वर्ष आधे पौधे भी पल्लवित हो जाएं तो निश्चित रूप से पर्यावरण निखर जाएगा।
जानिए क्या बोले प्रभागीय वनाधिकारी
डीएफओ पंकज जैन ने बताया कि लोगों को पौधे वितरित भी किए जाएंगे और स्कूली बच्चों को मिशन लाइफ लाइन के तहत शपथ ग्रहण कराई जाएगी। शासन से 24 लाख 85 हजार पौधे रोपित कराए जाने का लक्ष्य मिला है। इस वर्ष 20 प्रतिशत फलदार पौधे भी रोपित किए जाएंगे।
