बाराबंकी में चोरों के हौसले बुलंद : थाना मुख्यालय के पास व्यापारी के घर लाखों की चोरी, नकदी समेत लाखों के जेवर किए पार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

घटना की जानकारी बुधवार भोर में होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। मसौली थाना मुख्यालय से चंद कदमों की दूरी पर स्थित बड़ागांव क्रॉसिंग के निकट मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक गल्ला व्यवसायी के घर में घुसकर नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी बुधवार भोर में होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

खिड़की को तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर

कस्बा मसौली निवासी गल्ला व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन के अनुसार, मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे लगी खिड़की को लोहे की रॉड से तोड़कर घर में दाखिल हो गए। चोर कमरे में रखी दो अटैचियां उठा ले गए, जिनमें करीब दो से ढाई लाख रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण रखे थे।

पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए सामान में सोने का हार, चूड़ियां, अंगूठियां, बाली, टॉप्स, मांगटीका, नथ, चेन तथा चांदी की पायल, बिछिया सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

क्या बोले प्रभारी निरीक्षक

पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, क्योंकि चोरी थाना मुख्यालय के बेहद करीब और गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित मकान में हुई है, जहां चौबीसों घंटे लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का भरोसा जताया है।

संबंधित समाचार