Rampur News: रामपुर में पहले दिन टीजीटी परीक्षा में करीब 45 प्रतिशत परीक्षार्थी रहे नदारद

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

पहली पाली में 11 और दूसरी पाली में 9 केंद्रों पर हुई परीक्षा

रामपुर, अमृत विचार। टीजीटी परीक्षा के पहले दिन 45 प्रतिशत परीक्षार्थी नदारद रहे। बुधवार को पहली पाली में 3563 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1912 उपस्थित रहे जबकि, 1651 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 2961 के सापेक्ष 1697 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि, 1274 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली की परीक्षा 11 एवं दूसरी पाली की परीक्षा 9 केंद्रों पर हुई। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी हुई।  

3609 परीक्षार्थी हुए शामिल, 2,925 परीक्षार्थी अनुपस्थित

जिले में बुधवार को आयोजित टीजीटी परीक्षा दो पालियों में 6,524 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 3609 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,925 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी गई। टीजीटी परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू हुई लेकिन, सुबह 8 बजे से परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए। इसके बाद परीक्षार्थियों के बॉक्स, जूते, मोजे, पहचान पत्र के अलावा मेटल डिटेक्टर और आंखों की पुतलियों की जांच की गई। पहली पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 11:30 बजे संपन्न हुई। दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे शुरू हुई और शाम 4 बजे खत्म हुई।

रामपुर में पहले दिन टीजीटी परीक्षा में करीब 45 प्रतिशत परीक्षार्थी रहे नदारद (2)

बरेली-शाहजहांपुर और आसपास के जिलों से पहुंचे परीक्षार्थी 

परीक्षा में शाहजहांपुर, बरेली, अमरोहा, संभल समेत आसपास के जिलों से परीक्षार्थी पहुंचे थे। शांति पूर्वक परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा शहर के मुख्य चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी गई और परीक्षा कक्ष में पहुंचने से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। गुरुवार को परीक्षा के लिए केंद्रों पर सीटिंग प्लान लगवा दिया गया है। गुरुवार को पहली पाली के लिए 4536 ने और दूसरी पाली के लिए 2258 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है।


बुधवार को टीजीटी परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक निपट गई है। गुरुवार को भी 15 परीक्षा केंद्रों पर टीजीटी परीक्षा होगी। परीक्षा संपन्न कराए जाने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कराए गए हैं।- अंजलि अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक

संबंधित समाचार