Lucknow News : रनीपारा पुलिया पर भीषण सड़क हादसा, वाहन से टक्कर के बाद बाइक सवार घायल
माल, लखनऊ/अमृत विचार। राजधानी लखनऊ के माल-इटौंजा मार्ग स्थित रनीपारा पुलिया के पास बुधवार को लगभग शाम 6 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरी कुराखर गांव निवासी छोटू बाइक से माल की ओर से सैदापुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान संपर्क मार्ग पर मुड़ रहे एक डाले (मालवाहक वाहन) से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने पहुंचाया सीएचसी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घायल के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है।
