Railway Jobs: पूर्वोत्तर रेलवे में 777 पदों पर होगा पुनर्नियोजन; रिटायर्ड रेल कर्मचारियों को संविदा पर दोबारा मिलेगा मौका
लखनऊ, अमृत विचारः पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) में कर्मचारियों की कमी दूर करने और बढ़ते रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती और पुनर्नियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई है। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के साथ आयोजित स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बताया कि विभिन्न विभागों में मैनपॉवर की कमी को पूरा करने के लिए रिइंगेजमेंट (पुनर्नियोजन) के माध्यम से 777 पद भरे जाएंगे। इसके तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संविदा आधार पर दोबारा सेवा का अवसर मिलेगा। इस संबंध में तीनों मंडलों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
महाप्रबंधक ने कहा कि ट्रेनों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाना आवश्यक है। वर्तमान में एनईआर में 45,530 कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि अन्य रिक्त पदों को भरने के लिए रेलवे बोर्ड को भी प्रस्ताव भेजा गया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) को वर्ष 2025 के लिए 2,467 पदों की भर्ती का मांग-पत्र भेजा गया था, जिसमें से 451 पदों का पैनल प्राप्त हो चुका है। वहीं, वर्ष 2026 में सहायक लोको पायलट (एएलपी) के 105 पदों पर भर्ती के लिए भी सहमति मिल गई है। बैठक में महाप्रबंधक ने कार्मिक विभाग में हुए व्यापक डिजिटलीकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पिछले 5-6 वर्षों में एचआरएमएस के तहत 29 मॉड्यूल लागू किए गए हैं। मेंस कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष सुभाष दुबे और महामंत्री अखिलेश पाण्डेय ने अस्पतालों, कॉलोनियों और लाइन स्टाफ की सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई। बैठक में कई वरिष्ठ रेल अधिकारी और यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
