UP Police Constable Recruitment Exam: 10 परीक्षा केंद्रों पर 28,224 अभ्यर्थी देंगे पुलिस भर्ती परीक्षा, DM और SP ने की तैयारियों की समीक्षा
अमरोहा, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव की मौजूदगी में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि जिले में 8, 9 और 10 जून को 10 परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। तीन दिनों में कुल 28,224 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 4,704 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की संवेदनशीलता को समझते हुए पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और गोपनीयता किसी भी स्तर पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए। डीएम ने रोडवेज, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पावर बैकअप के लिए जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों के बैग और अन्य सामान रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था करने को कहा।
एसपी ने दिए जरूरी निर्देश
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक हिस्से की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि कैमरों की कवरेज ऐसी हो कि केंद्र का कोई भी हिस्सा निगरानी से बाहर न रहे। एसपी ने कहा कि बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और जोया पुलिस चौकी पर परीक्षा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने पार्किंग और यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे
अमरोहा। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां समेत सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र और पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
ये है परीक्षा केंद्र
जिले में परीक्षा के लिए ए.के.के. इंटर कॉलेज, भगवत सरन इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, जेएसएच इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक-बी, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज तथा सिख इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
