संभल में प्रशासन की सख्ती: सरकारी जमीन पर बनी अवैध मजार, चला बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

संभलः संभल के बबराला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बाघऊ में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई मजार को प्रशासन ने शुक्रवार को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई, एसडीएम गुन्नौर विकास चंद्र समेत चार थानों की भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही।

किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद बाघऊ गांव में अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।

खेडेश्वर शिव मंदिर के महंत रामगिरी ने बताया कि इस जगह पर करीब दस साल पहले मजार बनाने का काम शुरू हुआ था। शुरुआत में सिर्फ कुछ ईंटें रखी गई थीं, लेकिन बाद में धीरे-धीरे निर्माण बढ़ता गया। कुछ साल पहले लिंटर भी डाल दिया गया और सरकारी जमीन पर कब्जा लगातार बढ़ाया जाता रहा।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का यह अभियान जिले भर में आगे भी जारी रहेगा।

संबंधित समाचार