Lucknow News : ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों की होगी जांच, दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद LDA का बड़ा फैसला
दिल्ली के एक होटल में आग की घटना को लेकर एलडीए ने उठाया कदम, उपाध्यक्ष ने प्रवर्तन व अग्निशमन अधिकारियों की ज्वाइंट टीम की गठित
लखनऊ, अमृत विचार : दिल्ली के एक होटल में आग की घटना को देखते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्रवर्तन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त कमेटी गठित की है। जो होटल, गेस्ट हाउस, मॉल, अस्पताल समेत अन्य बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करेगी और नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को उपाध्यक्ष ने पारिजात सभागार में प्रवर्तन व अग्निशमन विभाग के साथ बैठक की। बताया कि होटल, गेस्ट हाउस, नर्सिंग होम आदि का संचालन करने के लिए प्राधिकरण द्वारा भवन मानचित्र स्वीकृत किया जाता है, जबकि आग से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों की निगरानी व अनापत्ति अग्निशमन विभाग देता है। हाल ही में बहुमंजिला इमारतों में हुई अग्नि जनित घटनाओं को देखते हुए जरूरी है कि दोनों विभाग समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करें।
इसे ध्यान में रखते हुए एलडीए व अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की ज्वाइंट टीम गठित करके कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। प्रत्येक जोन में एलडीए व अग्निशमन विभाग से एक-एक अधिकारी नामित किया है। बैठक में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सीपी त्रिपाठी समेत समस्त जोनल अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रत्येक जोन के लिए अफसर नामित
- प्रवर्तन जोन-1 में जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के साथ एफएसओ गोमती नगर मामचन्द्र बड़गूजर
- प्रवर्तन जोन-2 में जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के साथ एफएसओ सत्येन्द्र कुमार सिंह
- प्रवर्तन जोन-3 में जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह के साथ एफएसओ सरोजनी नगर/आलमबाग धर्मपाल सिंह
- प्रवर्तन जोन-4 मेें जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के साथ एफएसओ बीकेटी प्रशांत कुमार
- प्रवर्तन जोन-5 में जोनल अधिकारी वंदना पांडेय के साथ एफएसओ इंदिरा नगर कमलेन्द्र कुमार
- प्रवर्तन जोन-6 एवं 7 में जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के साथ एफएसओ हजरतगंज राम कुमार रावत एवं एफएसओ चौक पुष्पेन्द्र कुमार यादव
निर्धारित प्रारूप में देनी होगी रिपोर्ट
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जांच के बिन्दु व प्रारूप निर्धारित कर दिया गया है। इसी के मुताबिक जांच टीम को अपनी रिपोर्ट देनी होगी। इसमें निरीक्षण की तारीख के साथ स्थल की फोटोग्राफ लगानी होगी। एलडीए की प्रवर्तन टीम स्वीकृत मानचित्र के मुताबिक स्थल पर हुये निर्माण कार्य, पार्किंग, सेटबैक व फ्लोर आदि की जांच करेगी। अगर स्वीकृत मानचित्र के सापेक्ष निर्मित क्षेत्र में अंतर पाया जाता है तो निर्माणकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई प्रचलित की जाएगी। वहीं, अग्निशमन की टीम आग से सुरक्षा के मानकों की जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
