Mathura News: बरसाना थाने से खनन आरोपी को छुड़ाने का मामला, वायरल वीडियो के बाद मुख्य आरोपी सूरजपाल गिरफ्तार
मथुरा। मथुरा जिले के बरसाना थाना क्षेत्र में अवैध खनन के आरोपी को थाने से छुड़ाकर ले जाने का मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने और विपक्ष के हमलावर होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरजपाल को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, बरसाना थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात कमई-कराहल मार्ग पर कार्रवाई करते हुए अवैध मिट्टी खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की थीं। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया था, जिनमें सूरजपाल भी शामिल बताया गया। आरोप है कि देर रात एक जनप्रतिनिधि के परिजन और प्रतिनिधि के रूप में पहचान रखने वाले व्यक्ति अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ाकर ले गए।
इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था और "जीरो टॉलरेंस" नीति पर सवाल उठाए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
मामले के तूल पकड़ने के बाद बरसाना पुलिस ने उपनिरीक्षक की तहरीर पर सूरजपाल, लखन सिंह तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और अभद्रता करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश में कमई गांव सहित कई स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी सूरजपाल (48) पुत्र सुघड़ सिंह निवासी कमई गांव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
साथ ही वायरल वीडियो और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जिन लोगों पर पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने या आरोपी को छुड़ाने में भूमिका निभाने के आरोप हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, राजनीतिक प्रभाव और पुलिस कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
