यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी, प्रयागराज के 42 केन्द्रों पर 98 हजार अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को होगी। हर दिन दो पाली में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। इस तरह कुल छह पाली में परीक्षा कराई जाएगी।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल यानि आठ जून से शुरू होने वाली यह परीक्षा जिले के 42 केंद्रों पर होगी। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा में करीब 98 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 12,500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
हर दिन दो पाली में परीक्षा होगी
सिपाही भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को होगी। हर दिन दो पाली में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। इस तरह कुल छह पाली में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा के नोडल अफसर डीसीपी हेडक्वार्टर पंकज ने आज बताया- हर पाली में 16 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने को देखते हुए यातायात, सुरक्षा और परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।प्रयागराज जिले में कुल 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
इनमें यमुनानगर क्षेत्र में 6 केंद्र, शहर में 33 और गंगानगर क्षेत्र में 3 केंद्र हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी। परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रखी गई है। जिले में कुल 12,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
परीक्षा केंद्रों के बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। साइबर सेल और खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की नकल, सॉल्वर गैंग या पेपर लीक जैसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
करीब एक लाख अभ्यर्थियों के प्रयागराज पहुंचने से रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ रहने की संभावना है। अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी शहर पहुंचेंगे, जिससे होटल, लॉज और धर्मशालाओं में भी दबाव बढ़ सकता है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने की सलाह दी है। प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
