वायरल वीडियो: दूसरी महिला संग दिखा पति, आग बबूला पत्नी कार के बोनट पर लटकी, पति ने 100 मीटर तक घसीटा
भमोरा थाना क्षेत्र की घटना का वीडियो हो रहा है वायरल
भमोरा क्षेत्र के देवचरा-बलिया रोड पर शनिवार शाम पति, पत्नी और प्रेमिका के बीच हुए हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि पति अपनी प्रेमिका के साथ कार में जा रहा था, तभी पत्नी ने कार रोकने का प्रयास किया। कार न रुकने पर वह वाइपर पकड़कर लटक गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
भमोरा, अमृत विचार। भमोरा क्षेत्र के देवचरा-बलिया रोड पर शनिवार शाम पति, पत्नी और प्रेमिका के बीच हुए हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि पति अपनी प्रेमिका के साथ कार में जा रहा था, तभी पत्नी ने कार रोकने का प्रयास किया। कार न रुकने पर वह वाइपर पकड़कर लटक गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। राहगीरों ने बाइक लगाकर कार रुकवाई, जिसके बाद जमकर हंगामा, मारपीट और हाथापाई हुई। पुलिस ने पति और प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की बात कही।
100 मीटर तक कार के साथ पत्नी को घसीटा
भमोरा के गांव कटका रमन निवासी गोदावरी उर्फ उषा कौर पत्नी नेत्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे वह अपने सात वर्षीय पुत्र विराट के साथ देवचरा चौराहे पर गांव जाने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान उसका पति नेत्रपाल गांव की पंचायत सहायक साधना पुत्री सोमपाल के साथ कार से वहां पहुंचा। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर गोदावरी ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन पति ने कार नहीं रोकी। फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर पर कार की रफ्तार धीमी होने पर गोदावरी कार का वाइपर पकड़कर लटक गई। इसके बावजूद चालक ने कार की गति बढ़ा दी, जिससे वह करीब 100 मीटर तक कार के साथ घिसटती चली गई।
लोगों ने कर दी कार चालक पति की पिटाई
महिला को घिसटता देख राहगीरों और ग्रामीणों ने बाइक आगे लगाकर देवचरा-बल्लिया रोड पर कार को रुकवा लिया। कार रुकने के बाद लोगों ने चालक को बाहर निकलने के लिए कहा। इस दौरान कार आगे बढ़ाने की कोशिश होने पर आक्रोशित भीड़ ने कार का शीशा तोड़ दिया और चालक की पिटाई कर दी। वहीं पति के साथ मौजूद महिला को देखकर गोदावरी और साधना के बीच भी जमकर हाथापाई हुई। पूरे घटनाक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
पंचायत सहायक ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं सफाई देने मां के साथ थाने पहुंची पंचायत सहायक साधना ने आरोपों को निराधार बताया। उसने कहा कि वह ब्लॉक कार्यालय से घर लौट रही थी और रास्ते में गांव निवासी नेत्रपाल मिल गए थे, जिनके साथ वह कार में बैठकर आ रही थी। देवचरा चौराहे पर नेत्रपाल की पत्नी ने उस पर बेवजह आरोप लगाते हुए मारपीट की। हालांकि उसने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी।एसएचओ भमोरा पवन कुमार सिंह ने बताया कि गोदावरी की तहरीर पर पति नेत्रपाल और साधना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
