Bahraich News : बहराइच पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 लाख रुपये के 101 गुमशुदा मोबाइल बरामद
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन में 'संचार सारथी' एप डाउनलोड करें तथा मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में पुलिस की सर्विलांस सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वैध स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। वहीं मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने बहराइच पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उच्चाधिकारियों के दिशानिर्देश पर जिले मेंगुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
बताया गया कि जनपदीय सर्विलांस टीम तथा विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान यह सफलता पुलिस को मिली है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले की पुलिस ने भारत सरकार के सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की नियमित निगरानी एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से एप्पल, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी, वनप्लस सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 101 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है।
पुलिस ने बरामद मोबाइल को उनके मालिकों को सौंपा
इस संबंध में रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की तत्परता तथा तकनीकी दक्षता की खुलकर प्रशंसा की।
मोबाइल फोन में डाउनलोड करें 'संचार सारथी' एप्प- एसपी ने की अपील
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन में 'संचार सारथी' एप डाउनलोड करें तथा मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद मोबाइल की ट्रैकिंग एवं बरामदगी की प्रक्रिया तेज गति से संचालित की जाती है और संबंधित व्यक्ति को समय-समय पर जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है।
यहां से बरामद हुए मोबाइल
मोबाइल बरामदगी अभियान में कोतवाली नगर एवं कोतवाली देहात पुलिस ने नौ-नौ मोबाइल, विशेश्वरगंज पुलिस ने 12 मोबाइल तथा नोडल सर्विलांस टीम ने सर्वाधिक 24 मोबाइल बरामद किए। इसके अलावा पयागपुर, फखरपुर, मटेरा, मोतीपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों से भी गुमशुदा मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली सर्विलांस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की। अभियान में प्रभारी सर्विलांस राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुशवाहा, आरक्षी नितिन अवस्थी, आरक्षी आनंद उपाध्याय तथा सीईआईआर पोर्टल पर नियुक्त कर्मियों एवं थाना स्तर की रिकवरी टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
