Barabanki News : प्रधान-वीडीओ और पंचायत मित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आवास योजना की दूसरी किस्त हड़पने का आरोप
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
बाराबंकी, अमृत विचार। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त के 70 हजार रुपये गबन करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने ग्राम प्रधान, उनके पति, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत मित्र समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ककरहा मजरे छन्दवल गांव निवासी सुनीता पत्नी राम लखन ने कोर्ट में गुहार लगाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था। पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये वर्ष 2022 में उनके बैंक खाते में आए, जिससे उन्होंने निर्माण कार्य शुरू कराया।
जानिए क्या है पूरा मामला
आरोप है कि दूसरी किस्त के 70 हजार रुपये 15 फरवरी 2023 को आधार आधारित भुगतान प्रणाली के माध्यम से जारी कर दिए गए, लेकिन यह धनराशि उन्हें प्राप्त नहीं हुई। आरोप है कि ग्राम प्रधान रामकली, उनके पति रामप्रसाद, पंचायत मित्र सुमंत, ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार वर्मा तथा अन्य लोगों ने बैंक कर्मियों की मिलीभगत से धोखाधड़ी कर दूसरी किस्त की रकम निकाल ली।
जब उन्होंने निर्माण कार्य पूरा न होने का कारण बताया तो आरोपितों ने कार्रवाई की चेतावनी दी। महिला ने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
