Baghpat News : युवक की पीट-पीटकर हत्या, खाली पड़े प्लाट में मिला शव, रस्सी से बंधे थे हाथ-पैर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को एक कॉलोनी स्थित खाली प्लॉट में मिला। मृतक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे।

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को एक कॉलोनी स्थित खाली प्लॉट में मिला। मृतक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या का कारण अवैध संबंध हो सकता है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। 

वारदात के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित

घटना के सफल अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सहजान (22) रविवार रात करीब 10 बजे तक बाजार में देखा गया था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और सुबह तक घर नहीं लौटा। परिजनों का कहना है कि मृतक शांत स्वभाव का था और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था।

पुलिस हिरासत में दो संदिग्ध

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दो आरोपी मृतक के शव को रिक्शे में ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। बागपत कस्बा चौकी प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और हिरासत में लिए गए संदिग्धों के आधार पर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस जल्द ही इस घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है। 

पुलिस उपाधीक्षक विजय चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या के तरीके का खुलासा होने की उम्मीद है।  

संबंधित समाचार