Box Office : विश्वभर में पेड्डी का धमाल, वरुण धवन की 'Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai' ने 41.99 करोड़ कमाई की
दिल्ली। वरुण धवन अभिनीत फिल्म "है जवानी तो इश्क होना है" ने अपने पहले सप्ताहांत में वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर करीब 42 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह फिल्म पांच जून को रिलीज हुई और टिप्स फिल्म्स के बैनर तले इसका निर्माण किया गया है। इसका निर्देशन डेविड धवन ने किया है और वरुण के साथ इसमें पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म निर्देशक डेविड धवन की आखिरी फिल्म है, जिन्होंने पिछले महीने संन्यास की घोषणा की थी।
फिल्म निर्माता कंपनी ने सोमवार को अपने आधिकारिक 'इंस्टाग्राम' हैंडल पर बॉक्स ऑफिस के आंकड़े साझा किए। पोस्ट में फिल्म का पोस्टर भी शामिल था। फिल्म "है जवानी तो इश्क होना है" ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10.20 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद फिल्म ने क्रमशः 10.74 करोड़ रुपये और 12.70 करोड़ रुपये कमाए।
इसमें लिखा है कि फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर कुल 41.99 करोड़ रुपये और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 33.64 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। "है जवानी तो इश्क होना है" अब आधिकारिक तौर पर सभी परिवारों की पसंदीदा फिल्म बन गई है। सिनेमाघरों में अभी देखें। अपने टिकट बुक करें।" इसमें मौनी रॉय, कुब्रा सैत और राकेश बेदी सहित अन्य कलाकार भी शामिल हैं।
बॉक्स ऑफिस पर छाई 'पेड्डी'
वही दूसरी तरफ अभिनेता राम चरण और अभिनेत्री जाह्नवी कपूर अभिनीत पैन-इंडिया फिल्म 'पेड्डी' ने रिलीज के पहले चार दिनों में विश्वभर के बॉक्स ऑफिस पर 292.5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर शानदार सफलता दर्ज की है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म को दुनिया भर के दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। रिलीज से पहले इसके गीतों, ट्रेलर और व्यापक प्रचार अभियान को भी दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला था, जिसका सकारात्मक असर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल रहा है।
4 दिन में 292.5 करोड़ की कमाई
फिल्म ने शुरुआती सप्ताहांत में सभी प्रमुख बाजारों में मजबूत प्रदर्शन किया और चार दिनों में 292.5 करोड़ रुपये से अधिक का वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन हासिल कर लिया। समीक्षकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और दर्शकों के बीच मिले अच्छे प्रचार को इसकी सफलता का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
बुची बाबू सना द्वारा लिखित और निर्देशित
'पेड्डी ' में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में शिव राजकुमार, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले वेंकट सतीश किलारू ने किया है। निर्माण में मैत्री मूवी मेकर्स, सुकुमार राइटिंग्स और आईवीवाई एंटरटेनमेंट का सहयोग रहा है, जबकि ईशान सक्सेना इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म के तकनीकी पक्ष को भी काफी सराहा जा रहा है। इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि छायांकन आर. रत्नावेलु ने किया है। फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन अविनाश कोल्ला और संपादन नवीन नूली ने किया है। 'पेड्डी 'को उत्तर भारत में जियो स्टूडियोज द्वारा वितरित किया जा रहा है। यह फिल्म 04 जून, 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
