Moradabad News: कार की छत पर बैठाकर बनाई रील, वीडियो वायरल हुआ तो भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

डिलारी, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर वायरल होने और अधिक व्यूज व लाइक पाने की होड़ में लोग अपनी जान जोखिम में डालने से भी नहीं चूक रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यूट्यूबर उस्मान भारती निवासी थाना भोजपुर कुछ लोगों को कार की छत पर बैठाकर सफर कराते हुए दिखाई दे रहा है।

कार में जगह नहीं तो छत पर बैठे
वायरल वीडियो में उस्मान भारती यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि वह एक कार्यक्रम में जा रहे हैं, लेकिन कार के अंदर बैठने की जगह नहीं है, इसलिए कुछ लोगों को कार की छत पर बैठा दिया गया है। वीडियो में चलती कार की छत पर बैठे लोग साफ दिखाई दे रहे हैं, जो सड़क सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन है।

व्यूज के लिए जान हथेली पर
बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुरादाबाद जनपद का है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी आलोचना करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना हरकत बताया है। लोगों का कहना है कि कुछ व्यूज और लाइक हासिल करने के लिए इस तरह की रील बनाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे किसी भी समय बड़ा हादसा भी हो सकता है।

जांच के बाद कार्रवाई होगी
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस तरह के खतरनाक स्टंट और रील बनाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि उक्त मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी प्राप्त कराई जाएगी। यदि कोई तथ्य सामने आते हैं तो उसकी जांच कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार