Chitrakoot News: आशुतोष ब्रह्मचारी से मुझे और उत्तराधिकारी को खतरा, बोले जगद्गुरु रामभद्राचार्य, प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज अपने उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों से बेहद आहत हैं।
चित्रकूट, अमृत विचार। जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज अपने उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों से बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें और उनके उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास को आशुतोष ब्रह्मचारी से खतरा है तथा प्रशासन को इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
रामचंद्र दास पर आशुतोष ब्रह्मचारी ने लगाया गंभीर आरोप
इस समय एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आशुतोष ब्रह्मचारी आचार्य रामचंद्र दास पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। वीडियो में उन्होंने प्रशासन, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके पूज्य गुरुदेव जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की हत्या होती है या उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटी तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उनके उत्तराधिकारी रामचंद्र दास की होगी। आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया कि उनके पास इन आरोपों के पर्याप्त सबूत हैं और जांच होने पर सब कुछ साबित हो जाएगा।
उन्होंने एक गंभीर घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ अधिकारियों और गुरुजी के आशीर्वाद से वह बच गए। साथ ही आरोप लगाया कि रामचंद्र दास ने गुरुदेव को अपने कब्जे में ले रखा है। उन्होंने रामचंद्र दास पर अपने भाई के साथ मिलकर सोने के व्यापार में मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।
रामभद्राचार्य ने वायरल वीडियो पर जताई नाराजगी
हालांकि ‘अमृत विचार’ ने वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की है। जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज ने इस पूरे मामले पर गहरा आघात व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आशुतोष ब्रह्मचारी के बयान से उन्हें गंभीर आशंका है और उन्हें तथा उनके उत्तराधिकारी रामचंद्र दास को खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।
