Stock Market Today : तेल कीमतों में बढ़ोतरी से शेयर बाजारों में गिरावट, मिडिल ईस्ट तनाव के चलते सेंसेक्स-निफ्टी के हाल बेहाल
मुंबई। अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच वैश्विक शेयर बाजारों के कमजोर रुख के अनुरूप सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और अमेरिका में महंगाई में उछाल ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 358.54 अंक टूटकर 73,624.64 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 117 अंक फिसलकर 23,098.30 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इटर्नल और ट्रेंट के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं पावर ग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में तेजी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 सूचकांक, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.64 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,124.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स बुधवार को 64.42 अंक की बढ़त और निफ्टी 27.15 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
