बरेली: मौसम में फिर बदलाव, पहाड़ों की बूंदाबांदी फिर बढ़ाएगी ठंड
अमृत विचार, बरेली। बीते चार-पांच दिनों से खिल रही धूप की वजह से शहरवासियों को सर्दी से काफी राहत मिली है। रविवार और क्रिसमस की छुट्टियों का शहरवासियों ने पार्क आदि जगहों पर घूमकर आनंद उठाया। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, अगले दो से तीन दिन में एक बार फिर से शहरवासियों को कड़ाके की ठंड …
अमृत विचार, बरेली। बीते चार-पांच दिनों से खिल रही धूप की वजह से शहरवासियों को सर्दी से काफी राहत मिली है। रविवार और क्रिसमस की छुट्टियों का शहरवासियों ने पार्क आदि जगहों पर घूमकर आनंद उठाया। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, अगले दो से तीन दिन में एक बार फिर से शहरवासियों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शहर में बादल छाए रहेंगे। पहाड़ी क्षेत्रों में बूंदाबांदी और शीतलहर चलने की वजह से ठंड का सितम एक बार फिर से शुरू हो जाएगा। इस दरमियान न्यूनतम तापमान एक बार फिर से तीन डिग्री के आसपास जा सकता है जबकि अधिकतम तापमान में अधिक गिरावट नहीं होगी। वह 18 से 19 डिग्री तक रहने की संभावना है।
आसमान पिछले कई दिनों से साफ है। धूप खिलने से लोगों को राहत मिल रही है। हालांकि सर्द हवा का प्रकोप अभी भी बना हुआ है।
रविवार को अच्छी धूप खिली। अवकाश का दिन होने की वजह से लोगों ने खुशनुमा मौसम में अपने कामों को निपटाया। घरों की छतों पर लोग दिनभर धूप सेंकते नजर आए तो वहीं, पार्कों व अन्य स्थानों पर भी लोग घूमने के लिए निकले।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर डा. आरके सिंह ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बादल छाए रहेंगे। पहाड़ी क्षेत्रों में बूंदाबांदी की संभावना है। बारिश और शीतलहर चलने की वजह से हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप फिर से शुरू हो जाएगा। इस दौरान सुबह और शाम को मध्यम कोहरा भी छाने की संभावना है। बताया कि रविवार को न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
