बरेली: सेटेलाइट का रैन बसेरा मिला खाली, पुराने रोडवेज पर बाहर सोते मिले लोग
अमृत विचार, बरेली। अपर मुख्य सचिव सूचना एवं नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने देर रात सेटेलाइट बस अड्डा स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। उस वक्त कोई व्यक्ति नहीं मिला। उन्होंने पूछा कि क्या कोई सोता नहीं है यहां, ऐसे ही खाली रहते हैं रैन बसेरे। इस पर वहां तैनात कर्मचारी ने कहा कि साहब… …
अमृत विचार, बरेली। अपर मुख्य सचिव सूचना एवं नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने देर रात सेटेलाइट बस अड्डा स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। उस वक्त कोई व्यक्ति नहीं मिला। उन्होंने पूछा कि क्या कोई सोता नहीं है यहां, ऐसे ही खाली रहते हैं रैन बसेरे। इस पर वहां तैनात कर्मचारी ने कहा कि साहब… आते हैं मगर अभी कोई आया नहीं। इसके बाद नवनीत सहगल पुराने रोडवेज बस अड्डे स्थित रैन बसेरा पहुंचे।
वहां कई लोग सोते हुए मिले। उन्होंने कर्मचारी से पूछा कि एक आदमी से कितना रुपया लेते हो। इस पर वह सकपका गया और बोला- साहब किसी से एक भी रुपया नहीं लिया जाता। इसी बीच उनकी प्लेटफार्म पर सोते यात्रियों पर नजर पड़ी। उन्होंने कहा कि ये लोग यहां क्यों सोते हैं। पता करो… जब वह प्लेटफार्म पर पहुंचे तो सोता हुआ यात्री उठा और नवनीत सहगल को देखते ही चिल्लाते हुए बोला- साहब बहुत ठंड लग रही है। कोई जैकेट दिलवा दो।
इस पर उन्होंने पूछा, यहां क्यों सोते हो। रैन बसेरा बना है उसमें जाकर सोया करो। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को कोई जवाब नहीं आया। बाद में एसएसपी ने पुलिस टीम को निर्देश दिया कि तत्काल सिपाही को लगाकर सभी लोगों को अंदर सोने के लिए भेजो। प्लेटफार्म पर सोने वाले यात्रियों और असहाय लोगों को उन्होंने कंबल बांटे। इसके बाद सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए।
