बरेली: बिना भर्ती किए फाइल बनाने के नाम पर संक्रमित से वसूले दस हजार
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमितों के इलाज में कोविड अस्पताल लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। अभी तक संक्रमितों के इलाज में लापरवाही के आरोप लग रहे थे लेकिन रविवार को पैसे वसूलने के आरोप लगे हैं। अस्पताल प्रबंधन पर संक्रमित को बिना भर्ती किये परिजनों से 10 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया गया है। …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमितों के इलाज में कोविड अस्पताल लगातार लापरवाही बरत रहे हैं। अभी तक संक्रमितों के इलाज में लापरवाही के आरोप लग रहे थे लेकिन रविवार को पैसे वसूलने के आरोप लगे हैं। अस्पताल प्रबंधन पर संक्रमित को बिना भर्ती किये परिजनों से 10 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया गया है। जब अस्पताल वालों ने रुपये ले लिए तो परिजन संक्रमित को वहां से वापस ले आए और 300 बेड स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया।
छोटी विहार निवासी 37 वर्षीय युवक को शुक्रवार दोपहर तबीयत खराब होने पर पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भर्ती के दौरान एंटीजन से कोविड जांच करने पर निगेटिव आई जबकि आरटीपीसीआर से जांच कराने पर युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस पर परिजनों ने शहर के बाहर स्थित कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराने को ले आए।
परिजनों ने बताया कि कोविड अस्पताल प्रशासन ने बिना मरीज भर्ती किए फाइल के नाम पर दस हजार रुपये वसूल लिए। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से कहा कि कोविड-19 का इलाज सरकारी सहायता के तहत नि:शुल्क होता है तो स्टाफ टालमटोल करने लगा। वहीं, मरीज की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने फौरन मरीज को एजाज नगर गौटिया स्थित कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती करा दिया। अगले दिन परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से रुपये मांगे तो उन्होंने रुपये वापस न करने की बात कहते हुए पांच-पांच हजार रुपये की दो रसीदें थमा दी गईं।
मामला संज्ञान में नहीं है। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत करने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। -डा. विनीत कुमार शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
