प्रतापगढ़ में बदली जनसुनवाई की तस्वीर: डीएम अभिषेक पांडेय ने हटवाया 'वीआईपी चबूतरा', अब जनता के साथ बराबरी पर बैठकर सुन रहे फरियाद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कलेक्ट्रेट में वर्षों पुरानी व्यवस्था खत्म, जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की पहल से जनता और प्रशासन के बीच की दूरी हुई कम। फरियादियों ने फैसले का किया स्वागत।

प्रतापगढ़, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट परिसर में जनसुनवाई की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की पहल पर वर्षों से चली आ रही ऊंचे चबूतरे पर बैठकर जनसुनवाई करने की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब जिलाधिकारी आम नागरिकों के समान धरातल पर बैठकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। इस बदलाव को जनता और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सकारात्मक कदम बताया है।

कार्यभार संभालते ही लिया बड़ा फैसला

जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने 4 मई को प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला। अगले दिन जब वह कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अधिकारी एक ऊंचे चबूतरे पर बैठकर लोगों की शिकायतें सुनते हैं। इसे जनता और प्रशासन के बीच दूरी का प्रतीक मानते हुए उन्होंने तत्काल चबूतरे को हटाकर जगह समतल करने के निर्देश दिए। इसके बाद जनसुनवाई सभागार में शुरू हुई और बाद में दशकों पुराना वीआईपी चबूतरा भी हटा दिया गया।

अब एक ही स्तर पर बैठकर हो रही सुनवाई

नई व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी स्वयं सामान्य कुर्सी पर बैठते हैं और सामने बैठी जनता की समस्याएं सीधे सुनते हैं। इससे फरियादियों को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिल रहा है। पहले ऊंचे मंच और नीचे खड़ी जनता की व्यवस्था के कारण लोगों को मानसिक दूरी का अनुभव होता था।

लोगों ने पहल की जमकर सराहना की

कलेक्ट्रेट पहुंचे कई नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस बदलाव की सराहना की। अपनी जमीन से जुड़े मामले की शिकायत लेकर पहुंचे एक बुजुर्ग फरियादी ने कहा कि पहली बार ऐसा महसूस हुआ कि कोई बड़ा अधिकारी बिल्कुल सामने बैठकर उनकी बात गंभीरता से सुन रहा है।

प्रशासनिक कार्यशैली में बदलाव का संदेश

जानकारों का मानना है कि यह बदलाव केवल बैठने की व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा। चबूतरा हटने के साथ ही वर्षों से चली आ रही मानसिक दूरी भी कम हुई है, जिससे लोगों में न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

शिकायत मिलते ही जांच के लिए पहुंचे विकास भवन

गुरुवार को मानधाता क्षेत्र के पनियारी गांव की रहने वाली अचला सिंह ने जनसुनवाई के दौरान आंगनबाड़ी सहायिका के चयन में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय तत्काल विकास भवन पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। उनकी त्वरित कार्रवाई की चर्चा लोगों के बीच हो रही है।

यह भी पढ़ेंः Bareilly News: फर्जी IAS बनकर रचाई शादी, 15 दिन बाद पति से मांगे 40 लाख रुपये, ब्लैकमेलिंग का खुलासा

संबंधित समाचार