Pilibhit News : आईटीआई में प्रैक्टिकल अंकों का सौदा, दो हज़ार रुपये में अच्छे नंबर की गारंटी..अब होगी जांच!

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

वायरल हुए वीडियो प्रैक्टिकल परीक्षा से ठीक पहले का बताया जा रहा है

यूपी के पीलीभीत स्थित राजकीय आईटीआई में प्रैक्टिकल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने के नाम पर 2 हजार रुपये मांगने का वीडियो वायरल हुआ है। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

पीलीभीत, अमृत विचार। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान बेहतर अंक दिलाने के नाम पर छात्रों से रुपये वसूलने के आरोपों ने व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर छात्रों से दो-दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। फिलहाल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच बैठा दी गई है।

शहर स्थित आईटीआई में करीब 300 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। तीन दिन पहले विभिन्न ट्रेडों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं संपन्न हुई हैं। इसी बीच वायरल हुए वीडियो को प्रैक्टिकल परीक्षा से ठीक पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में छात्र-छात्राओं की भीड़ के बीच कुछ कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं और कथित तौर पर प्रैक्टिकल में अच्छे अंक दिलाने के लिए रुपये की मांग की जा रही है। बताते हैं कि अधिकांश विद्यार्थियों ने भविष्य खराब होने और कम अंक मिलने के डर से रुपये दे भी दिए। कई छात्रों से दो हजार तो कुछ से ढाई हजार रुपये तक लिए जाने की बात सामने आ रही है। माना जा रहा है कि वीडियो भी किसी छात्र ने ही भीड़ के बीच मोबाइल से रिकॉर्ड किया है।  मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संस्थान के जिम्मेदार हरकत में आए। प्रधानाचार्य शरद चंद्र सागरवाल ने पूरे प्रकरण की जांच पूरनपुर आईटीआई के प्रधानाचार्य को सौंप दी है। हालांकि जांच पूरी करने और रिपोर्ट सौंपने के लिए कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है, जिससे जांच की पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा एक व्यक्ति नियमित कर्मचारी नहीं है, जबकि एक नियमित महिला कर्मचारी भी इस मामले में घिरती दिखाई दे रही हैं। फिलहाल विभाग वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की जांच कराने की बात कह रहा है। 

वायरल वीडियो से जुड़ा प्रकरण संज्ञान में आया हे। इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। पूरनपुर कॉलेज के प्रधानाचार्य को जांच दी गई है। सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल कराएंगे। अगर कुछ गलत निकलता है तो सख्त एक्शन लिया जाएगा। -  शरद चंद्र सागरवाल, प्रधानाचार्य आईटीआई पीलीभीत

संबंधित समाचार