लखनऊ: प्रयागराज के इफ्को प्लांट में अमोनिया गैस के रिसाव मामले की आई जांच रिपोर्ट, ये मिली वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद प्रयागराज के फूलपुर तहसील में स्थित इफ्को नामक यूरिया बनाने के कारखाने में 22 दिसम्बर, 2020 को अमोनिया गैस के रिसाव मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट शासन को मिल गई है, जिसमे कारखाने की यूरिया-1 प्लांट में हाई प्रेशर अमोनिया पम्प का राड टूटने से अमोनिया गैस का …

लखनऊ। प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद प्रयागराज के फूलपुर तहसील में स्थित इफ्को नामक यूरिया बनाने के कारखाने में 22 दिसम्बर, 2020 को अमोनिया गैस के रिसाव मामले की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट शासन को मिल गई है, जिसमे कारखाने की यूरिया-1 प्लांट में हाई प्रेशर अमोनिया पम्प का राड टूटने से अमोनिया गैस का रिसाव होना बताया गया है।

श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश पर उप श्रमायुक्त की जांच रिपोर्ट में प्रयागराज के फूलपुर में स्थित इफ्को कारखाने में 22 दिसम्बर, 2020 को 10:15 बजे रात को दुर्घटना घटित हुई थी। इसमें कुल 18 अधिकारी, कर्मचारी व श्रमिक प्रभावित हुए थे, जिसमें से 15 इफ्को के अधिकारी कर्मचारी हैं तथा 3 संविदा श्रमिक हैं।

इन घायल कार्मिकों में से वीपी सिंह असिस्टेन्ट मैनेजर अमोनिया तथा अभय नंदन कुमार डिप्टी मैनेजर की मृत्यु हो गई है। अन्य घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 10 घायल कार्मिक इफ्को के अस्पताल में भर्ती हैं। 03 कार्मिक जागृति अस्पताल तथा 02 कार्मिक का प्रीति नर्सिंग होम प्रयागराज में इलाज चल रहा है। 01 कार्मिक की स्थिति गम्भीर होने पर उसे प्रयागराज से सहारा अस्पताल लखनऊ भेजा गया है।

रिपोर्ट के अनुसार इफ्को कारखाने में अधिकारियों/कर्मचारियों एवं स्थायी श्रमिकों की कुल 636 तथा संविदा श्रमिकों की कुल 750 संख्या को मिलाकर 1386 कार्मिक एवं श्रमिक कार्यरत थे। 22 दिसम्बर, 2020 को रात 10:15 बजे कारखाने की यूरिया-1 प्लाण्ट में हाई प्रेसर अमोनिया पम्प का राड टूटने के कारण अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था, जिससे यह दुर्घटना घटित हुई।

उप श्रमायुक्त प्रयागराज द्वारा कारखाना प्रबन्धन को इलाज के साथ-साथ रोगियों के आंख, स्वांस तथा नाक, कान व गला के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं। तथा संबंधित कारखाने द्वारा मृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षतिपूर्ति की कार्यवाही कराने का भी आश्वासन दिया गया है। संविदा श्रमिकों के सन्दर्भ में श्रम प्रवर्तन अधिकारी को जांच आख्या उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दुर्घटना की विस्तृत एवं तकनीकी जांच सहायक निदेशक कारखाना एवं उप निदेशक कारखाना प्रयागराज के स्तर से किये जाने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार