बरेली: अब साइड लोअर बर्थ पर यात्रा से नहीं होगा पीठ और कमर दर्द
अमृत विचार, बरेली। ट्रेन से सफर करने वालों के लिए यह राहत भरी खबर है। यदि अब आपको ट्रेन में यात्रा के लिए साइड लोअर बर्थ मिल रही है तो चिंता की कोई बात नहीं है। उस बर्थ पर भी अब आप आरामदायक सफर कर सकेंगे। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने साइड लोअर बर्थ की …
अमृत विचार, बरेली। ट्रेन से सफर करने वालों के लिए यह राहत भरी खबर है। यदि अब आपको ट्रेन में यात्रा के लिए साइड लोअर बर्थ मिल रही है तो चिंता की कोई बात नहीं है। उस बर्थ पर भी अब आप आरामदायक सफर कर सकेंगे।
इसके लिए रेलवे बोर्ड ने साइड लोअर बर्थ की डिजाइन में बदलाव किया है। जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान कमर दर्द जैसी शिकायतें न हो। इस नए बदलाव में पूर्वोत्तर रेलवे का इज्ज्तनगर मंडल भी भागीदार है। वह भी कोचों की बर्थ में बदलाव करेगा।
रेलवे के आरक्षित कोचों में यात्रियों को यात्रा करने के लिए साइड लोअर बर्थ भी दी जाती थी। यह बर्थ दो सीटों को मिलाकर एक बनाई जाती थी। इसकी वजह से दोनों सीटों की बीच गैप रह जाता था। इसलिए यात्रियों को उस पर सोने से कमर दर्द और पीठ दर्द की शिकायत होती थी।
रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की शिकायत पर साइड लोअर बर्थ के डिजाइन में बदलाव किया है। अब इस कोच में दोनों सीटों के ऊपर एक और सीट रखी जाएगी। जिससे यह भी अन्य सीटों की तरह आरामदायक हो जाएगी। इससे यात्रियों को पीठ और कमर दर्द की शिकायत भी नहीं होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि इसके लिए इज्जतनगर मंडल के यांत्रिक कारखाने को भी सीटों को नया रूप देने की जिम्मेदारी दी गई है। इस पर बोर्ड के आदेशानुसार कार्य किया जाएगा। बताते चलें कि खिड़की के पास होने के चलते अधिकतर यात्री साइड लोअर बर्थ पर ही यात्रा करना चाहते हैं। आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) टिकट की सीटें भी साइड लोअर बर्थ पर ही आवंटित होती हैं। अब इन बर्थ पर आरामदायक सफर किया जा सकता है।
