Bankipur By-Election : 'यह जीत बांकीपुर की जनता की है', प्रशांत किशोर बोले- BJP नेतृत्व अच्छे व्यक्ति को बनाए CM
प्रशांत किशोर ने समर्थकों का जताया आभार, कहा- विरोधियों का भी जीतेंगे विश्वास
जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने चुनाव परिणाम को बांकीपुर की जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं था, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व को स्पष्ट संदेश देने का चुनाव था।
पटना। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने चुनाव परिणाम को बांकीपुर की जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं था, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व को स्पष्ट संदेश देने का चुनाव था।
प्रशांत किशोर ने कहा, "बांकीपुर की जनता की जीत है। ये चुनाव विधायक बनाने का चुनाव नहीं है। ये भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का चुनाव है कि किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएं। जनता ने आपके 202 विधायक जिताए हैं, किसी अपराधी या गलत चाल-चरित्र वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व मत दीजिए।"
शिक्षा और रोजगार को लेकर रखी अपनी बात
उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसा नेतृत्व मिलना चाहिए, जो राज्य में शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दे। उनका कहना था कि यदि राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तो युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। प्रशांत किशोर ने कहा, "अच्छे आदमी को मुख्यमंत्री बनाइए ताकि बिहार में भी शिक्षा और रोजगार हो। बिहार के बच्चों को बाहर मजदूरी करने न जाना पड़े। यही संदेश बांकीपुर के लोगों ने दिया है।"
समर्थकों का जताया आभार, विरोधियों का भी जीतेंगे विश्वास
प्रशांत किशोर ने अपने समर्थकों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने उन्हें वोट दिया है, उनका वह धन्यवाद करते हैं। वहीं, जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए वह आगे भी लगातार मेहनत और प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा, "जिन्होंने वोट दिया है उनका धन्यवाद। जिन्होंने वोट नहीं दिया है, उनसे यही कहेंगे कि उनका विश्वास जीतने के लिए और मेहनत और प्रयास करेंगे। बिहार को अच्छा नेतृत्व मिलना चाहिए और बिहार को आगे बढ़ना चाहिए।"
