Moradabad News : दिल्ली हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही से बढ़ी सहूलियत
मंडी में पहुंचने लगे सब्जी और फल, दुग्ध वाहन, स्कूल बसों के सुचारू आवागमन से पटरी पर लौट रहा जनजीवन
मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा के बाद दिल्ली हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। हालांकि कल से वीकेंड पर हाईवे फिर बंद किया जाएगा।
मुरादाबाद, अमृत विचार। सावन में कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे पर रुट डायवर्जन के चलते बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने से यातायात थम गया था। वैकिल्पिक मार्गों से बड़े व भारी वाहनों के भेजे जाने से शहर में दैनिक जरूरत की सामग्री लेकर वाहनों में अड़चन से जनजीवन प्रभावित हो रहा था। मंगलवार की दोपहर के बाद दिल्ली हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन खोलने से सहूलियत मिली। सब्जी और फलमंडी में भी बुधवार को वाहन सामान लेकर पहुंचे, जिससे मंडी में चहल-पहल रही।
सावन में चल रही कांवड़ यात्रा के चलते छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही हाईवे पर रोक दिया गया था। इससे दिल्ली रोड पर बड़े वाहनों को पूरी तरह रोक देने से शहर में दैनिक जरूरत सामग्री लेकर आने वाले वाहनों के पहिए थमने से सब्जी, फलों, दूध की आवक कम होने से बाजार पर असर पड़ रहा था। मांग के अनुरूप आवक न होने से सब्जियों व फलों की कीमतें भी बढ़ने लगीं। मंगलवार को शिवतेरस का दिन दोपहर बाद दिल्ली रोड पर बड़े वाहनों को रवाना करने से सुबह तक यातायात काफी हद तक सामान्य हो गया है। हालांकि कांठ रोड पर अभी भी कई जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों को नियंत्रित रूप से चलाया जा रहा है।

हरथला सब्जी मंडी के सामने बैरिकेड करने से आसपास की कॉलोनियों के लोगों को लंबा चक्कर काटकर आना पड़ रहा था। बुधवार सुबह सब्जी मंडी के सामने का बैरिकेड खुलने से सब्जी विक्रेताओं को मझोला मंडी से सामान लेकर आने में आसानी हुई। हरथला स्टेशन रोड की तरह जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी सामान्य हो गई। अन्यथा उन्हें किला तिराहा से लौटकर वापस आना पड़ता था। स्कूली वाहनों के भी घूमकर आने से अभिभावकों को परेशानी उठानी पड़ती थी। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी।
हालांकि आशियाना मुख्य मार्ग के सामने कांठ रोड पर अभी भी पुलिस ने बैरिकेड नहीं हटाया है जिससे कॉलोनी के निजी अस्पतालों में मरीजों को लेकर आने वाले एंबुलेंस अभी भी भटक रहे हैं। कॉलोनी वालों को भी परेशानी हो रही है। लोगों ने पुलिस कर्मियों की मनमानी पर नाराजगी जताई। हालांकि हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़िये की संख्या काफी कम हो गई है। वीकेंड पर फिर कांवड़ियों की संख्या हाईवे पर बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें - Rampur News : रामगंगा पार करते हुए युवक डूबा, पीएसी गोताखोर तलाश में जुटे
