बरेली: कुतुबखाना पुल को लेकर व्यापारियों ने शुरू किया पोस्टर वार
अमृत विचार, बरेली। शहर में कुतुबखाना पर ओवरब्रिज बनाने का विरोध अब तेज हो गया है। अब तक अफसरों और नेताओं से शिकायत और गुहार लगाने वाले व्यापारी सड़कों पर उतर आए हैं। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कुतुबखाना क्षेत्र के व्यापारियों ने पुल न बनने को लेकर चौराहा जाम कर दिया …
अमृत विचार, बरेली। शहर में कुतुबखाना पर ओवरब्रिज बनाने का विरोध अब तेज हो गया है। अब तक अफसरों और नेताओं से शिकायत और गुहार लगाने वाले व्यापारी सड़कों पर उतर आए हैं। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कुतुबखाना क्षेत्र के व्यापारियों ने पुल न बनने को लेकर चौराहा जाम कर दिया था।
इसके चलते चौराहे पर लंबा जाम लग गया था। इसी क्रम में व्यापारियों ने पोस्टर वार शुरू करने के बाद पुल बनाने का विरोध शुरू कर दिया है। व्यापारी सेवा संघ की ओर से बुधवार को बड़ा बाजार, कोहाड़ापीर, घंटाघर के पास पुल के विरोध में पोस्टर लगाए गए। व्यापारियों का कहना था किसी भी हालत में पुल नहीं बनना चाहिए।
उनका कहना है कि अंडरपास बनाकर जाम की समस्या को खत्म किया जा सकता है। समाजसेवी नदीम शमसी ने कहा कि व्यापारियों के हित का ध्यान रखा जाए। ट्रैफिक पुलिस व स्थानीय पुलिस के सहयोग से जाम से छुटकारा मिलेगा। अपील करने के बाद भी कार और बाइक बड़े बाजार में लगातार आ रहे हैं।
इसी वजह से जाम लग रहा है। इन पर रोक लगाई जाए। ट्रांसपोर्ट का सामान आने का भी एक समय निर्धारित होना चाहिए। बाजार में माल भेजने वाले रिक्शा से भी जाम लग रहा है। इसी के चलते व्यापारियों ने पुल के विरोध में दुकान- दुकान जाकर पोस्टर लगाकर पुल बनने का विरोध शुरू किया।
इस मौके पर संजय आनंद, नदीम प्रिंस, गिनी बाबा, दीपक अग्रवाल, लकी, सरपाल समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने बताया कि वे गुरुवार को मेयर से मिलकर पुल न बनने की मांग करेंगे।
