यमन में हवाई अड्डे पर हमला, अब तक 25 लोगों की मौत, 110 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अदन। यमन में अदन हवाई अड्डे पर हुए हमले में मृतकों की संख्या 25 हो गयी है जबकि 100 लोगों से ज्यादा घायल हुए हैं। यमन के स्वास्थ्य मंत्री कासिम बिहावुह ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। अदन हवाई अड्डे पर बुधवार को नयी सरकार के मंत्रियों के पहुंचने के दौरान यह हमला हुआ। …

अदन। यमन में अदन हवाई अड्डे पर हुए हमले में मृतकों की संख्या 25 हो गयी है जबकि 100 लोगों से ज्यादा घायल हुए हैं। यमन के स्वास्थ्य मंत्री कासिम बिहावुह ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। अदन हवाई अड्डे पर बुधवार को नयी सरकार के मंत्रियों के पहुंचने के दौरान यह हमला हुआ।

अल जजीरा टीवी ने मंत्री के हवाले से बताया, “अदन हवाई अड्डे पर हमले से मरने वालों की संख्या 25 हो गई है, 110 लोग घायल हुए हैं।” इससे पहले की रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 22 और 50 लोग घायल बताए गए थे।

आपको बता दें कि किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अधिकारियों ने बाद में शहर में एक महल के करीब एक और विस्फोट की सूचना दी, जहां हवाई अड्डे के हमले के बाद मंत्रियों को स्थानांतरित कर दिया गया था। यमनी के संचार मंत्री नागुइब अल-अवग भी विमान में थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने दो धमाकों को सुना। यमनी के प्रधानमंत्री मइन अब्दुलमालिक सईद और अन्य लोगों को हवाई अड्डे से शहर के माशिख पैलेस पहुंचाया गया।

गुटेरेस ने यमन हवाई अड्डे पर विस्फोट की निंदा की
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यमन के अदन हवाई अड्डे पर बुधवार को हुए जोरदार विस्फोट की कड़ी निंदा की हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता फरहान हक़ ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यमन सरकार के नए मंत्रियों के अदन पर हवाई अड्डे पर पहुंचने के दौरान हुए विस्फोट की निंदा की है जिसमें कई लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य लोग घायल भी हो गए। संरा प्रमुख ने इस विस्फोट में मारे गए लोगों के प्रति और यमन की सरकार तथा लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की हैं।”

 

संबंधित समाचार