रक्षाबंधन पर बोतल के ढक्कन से बनाएं खूबसूरत मेहंदी डिजाइन
रक्षाबंधन का त्योहार आते ही घरों में तैयारियां शुरू हो जाती हैं। नए कपड़े, राखी और मिठाइयों के साथ हाथों में मेहंदी भी इस पर्व की खूबसूरती बढ़ाती है, लेकिन अगर आपको मेहंदी लगाना नहीं आता, तो इस बार पार्लर जाने की जरूरत नहीं।
घर में पड़ी प्लास्टिक की बोतल का एक छोटा-सा ढक्कन आपकी मदद कर सकता है। यह आसान तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जिन्हें गोल डिजाइन बनाने में परेशानी होती है। ढक्कन की मदद से हथेली पर एकदम सही गोल घेरा बनाया जा सकता है, जिसके आसपास मनचाहा पैटर्न तैयार किया जा सकता है।
ऐसे करें शुरुआत : सबसे पहले एक साफ प्लास्टिक बोतल का ढक्कन लें। इसके गोल किनारे पर मेहंदी की पतली परत लगाएं और इसे हथेली पर हल्के हाथ से दबाकर तुरंत हटा लें। इससे हाथ पर एक साफ गोल निशान बन जाएगा। ध्यान रखें कि ढक्कन को ज्यादा जोर से न दबाएं, ताकि मेहंदी फैले नहीं।
अब इस घेरे के बीच में छोटा फूल, स्पाइरल या डॉट बनाएं। इसके बाद किनारों पर छोटी-छोटी बूंदें लगाकर टूथपिक या कॉटन बड की मदद से उन्हें हल्का खींचें। इससे पंखुड़ियों जैसा सुंदर पैटर्न तैयार हो जाएगा। इसके बाद गोल घेरे के चारों ओर पत्तियां, बेल, कैरी, जाली या छोटे फूल बनाए जा सकते हैं। उंगलियों पर भी छोटी बेल या डॉट्स की डिजाइन बनाकर पूरे हाथ को आकर्षक लुक दिया जा सकता है।
इन डिजाइनों को करें ट्राई
ढक्कन से बने बेस पर कमल मंडला, सनबर्स्ट, मोर स्टाइल और लीफ बॉर्डर जैसे डिजाइन बनाए जा सकते हैं। कमल मंडला पारंपरिक लुक देता है, जबकि मोर और पत्तियों वाले पैटर्न हाथों को खास आकर्षण देते हैं। थोड़ी-सी कल्पना और इस आसान हैक की मदद से रक्षाबंधन पर घर बैठे खूबसूरत मेहंदी डिजाइन तैयार की जा सकती है।
