Happy New Year 2021: नई उम्मीदों से भरा हो नए साल का पहला सवेरा
नई उम्मीदों के साथ वर्ष 2021 का पहला सवेरा खुशियों से भरा हो, कोई चिंता, परेशानी व आपसी गिले शिकवें दूर हो ऐसी उम्मीद सबको है। यह सब तभी संभव हो पाएगा जब हम स्वयं प्रण लेंगे कि वर्ष 2020 में की गई गलतियों से सबक लेते हुए 2021 में वह गलतियां नहीं दोहराएंगे। हालांकि …
नई उम्मीदों के साथ वर्ष 2021 का पहला सवेरा खुशियों से भरा हो, कोई चिंता, परेशानी व आपसी गिले शिकवें दूर हो ऐसी उम्मीद सबको है। यह सब तभी संभव हो पाएगा जब हम स्वयं प्रण लेंगे कि वर्ष 2020 में की गई गलतियों से सबक लेते हुए 2021 में वह गलतियां नहीं दोहराएंगे। हालांकि वर्ष 2020 हम सभी के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।
कोरोना वैश्विक महामारी के बीच लगभग पूरा साल भय में गुजरा। इस भय को दोगुना करने के लिए अब कोरोना का नया रूप स्ट्रेन लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। ऐसे में हमें सचेत रहकर इस कोरोना से खुद के साथ ही दूसरों को बचाना होगा। मास्क के साथ ही दो गज की दूरी का पालन कर समय-समय पर हाथों को सेनेटाइज करना होगा। हमें नए साल की खुशियों में मशगूल होकर लापरवाही नहीं बरतनी, बल्कि समझदारी दिखाते हुए घरों में ही नए साल का इस्तकबाल करें। आइए मेरे साथ कुछ टिप्स अपनाकर आप नए साल की खुशियों को चार चांद लगाएं।
भगवान की आराधना से करें नये साल का शुभारंभ
नए साल का शुभारंभ भगवान की आराधना से करना हैं। इसलिए घर के साथ ही मंदिर जाकर भगवान से साल में किसी भी तरह की दुश्वारियां न आने की प्रार्थना के साथ ही सुख-समृद्धि की कामना करें। पूजा-पाठ का समय न हो तो मन में ही भगवान को याद करें। इन मंत्रों का जाप कर नए साल को खुशनुमा बनाया जा सकता है।
ॐ श्रीकृष्णाय शरणं मम।
या कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने।
प्रणत क्लेशनाशाय गोविन्दाय नमो नम:॥
इस मंत्र से नव वर्ष का आरंभ करें। यह मंत्र सभी प्रकारों के तनाव और क्लेश का अंत करने में सहायक है।
ॐ नम: शिवाय।
भगवान शिव के इस मंत्र का जाप करने से हर प्रकार की चिंताओं से मुक्ति मिलती है। इसका नित्य जाप भी लाभकारी है। नित्य इस मंत्र का जाप करने से मन को शांति और ऊर्जा मिलती है।
ॐ हं हनुमते नम:।
हनुमान जी को संकट मोचक कहा गया है। नए वर्ष में किसी प्रकार का कोई संकट आपके जीवन में न आए इसके लिए इस मंत्र का जाप करें। यह मंत्र अज्ञात भय, घबराहट को दूर करता है और आत्मविश्वास में वृद्धि करता है।
त्वमेव माता च पिता त्वमेव।
त्वमेव बन्धुश्च सखा त्वमेव।।
त्वमेव विद्या द्रविणं त्वमेव।
त्वमेव सर्व मम देवदेव।।
नव वर्ष पर इस मंत्र का जाप करने से माता पिता और भगवान का आर्शीवाद मिलता है। इस मंत्र का जाप करने से तनाव दूर होता है और नकारात्मक विचारों से मुक्ति मिलती है।
ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिंपुष्टिवर्द्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धानान्मृत्योर्मुक्षीय माऽमृतात्।।
भगवान शिव का यह प्रिय मंत्र है। इसे महामृंत्युजय मंत्र कहते हैं. यह मंत्र शक्तिशाली मंत्रों में से एक माना गया है। इस मंत्र का जाप करने से कष्टों से मुक्ति मिलती है। भगवान शिव का अभिषेक करते समय इस मंत्र का जाप करने से भगवान शिव का आर्शीवाद प्राप्त होता है।
ॐ भूर्भुव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्।
इस मंत्र का जाप करने से सुख समृद्धि आती है। इसे गायत्री मंत्र कहा जाता है।
जूम ऐप पर दोस्तों संग अपनी खुशियां बांटें
कोरोना वायरस महामारी के चलते हर चीज डिजिटल हो गई है। अगर, आप इस साल दोस्तों संग नया साल सेलिब्रेट नहीं कर पा रहे हैं तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आप जूम ऐप के जरिए अपने दोस्तों या परिवार के लोगों के साथ कनेक्ट होकर नए साल का स्वागत कर सकते हैं और सभी को शुभकामनाएं दे सकते हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर बधाई दे सकते हैं।
घर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाएं
नए साल का जश्न किसी त्योहार से कम नहीं होता है। आप किसी भी आम पार्टी को डेकोरेशन की मदद से खास बना सकते हैं। नया साल अपने साथ नई उम्मीदें लेकर आता है, इसलिए अपने घर को इस साल रंग-बिरंगी लाइटों और अन्य चीजों से सजाकर जगमगाती रोशनी के बीच नए साल का स्वागत करें। घर पर ही अपनी पसंद के पार्टी सॉन्ग प्ले करें और दोस्तों संग घर में रहकर ही डांस पार्टी करें।
