Kanpur News : घर का आंगन बना मौत का कुआं, 20 फीट नीचे गिरी 18 साल की युवती की दर्दनाक मौत; कई घंटे चला रेस्क्यू

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पल भर में पैरों के नीचे खिसकी जमीन, पुरवामीर गांव में 20 फीट गड्ढे में गिरने से लड़की की मौत

कानपुर के पुरवामीर गांव में घर का आंगन धंसने से 18 साल की युवती 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में घर के आंगन की जमीन अचानक धंस गई, जिससे वहां से गुजर रही 18 वर्षीय युवती करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF और SDRF की टीमों ने कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद युवती की जान नहीं बचाई जा सकी। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

चंद सेकेंड में पैरों के नीचे से खिसक गई जमीन
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6:40 बजे का है। युवती घर के अंदर मौजूद थी और बाथरूम से निकलकर अपने कमरे की ओर जा रही थी। जैसे ही वह आंगन के हिस्से में पहुंची, अचानक उसके पैरों के नीचे की जमीन धंस गई। देखते ही देखते वहां एक गहरा गड्ढा बन गया और युवती मलबे के साथ करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। घटना के बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

60 जवानों ने चलाया रेस्क्यू, लेकिन हार गई जिंदगी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ NDRF और SDRF की टीमों को भी मोर्चे पर लगाया गया। करीब 20 फीट नीचे फंसी युवती तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण था क्योंकि ऊपर की जमीन कमजोर थी और उसके धंसने का खतरा बना हुआ था। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब 60 जवान मौके पर जुटे रहे और जेसीबी की मदद से सावधानीपूर्वक मिट्टी हटाई गई। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने युवती को गड्ढे से बाहर निकाला और तत्काल सरसौल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले गए। दुर्भाग्यवश, स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तीन साल पुरानी बोरिंग बनी हादसे की वजह?
इस खौफनाक हादसे के पीछे एक पुरानी बोरिंग को जिम्मेदार माना जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, घर के आंगन में करीब तीन साल पहले बोरिंग कराई गई थी, जो सफल न होने के कारण वैसे ही छोड़ दी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी बोरिंग के कारण जमीन अंदर से कमजोर हो गई थी। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण जमीन में नमी बढ़ी और कमजोर भू-भाग अचानक धंस गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं।

ये भी पढ़ें - Kanpur News : गरीब छात्रा ने बांधी राखी, DM जितेंद्र प्रताप ने फीस भर दिलाई साइकिल, दरियादिली जीत लेगी दिल

संबंधित समाचार