उधम सिंह नगर: बाजपुर में सिगरेट उधार न देने पर कार से कुचला, एक की मौत, चार घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर/उधम सिंह नगर, अमृत विचार। उधार में सिगरेट लेने को लेकर हुए विवाद में एक पुलिस सिपाही ने दुकान में कार चढ़ा दी। इससे दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। आईजी, एसएसपी सहित तमाम आला अधिकारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। सिपाही को निलंबित कर दो …

बाजपुर/उधम सिंह नगर, अमृत विचार। उधार में सिगरेट लेने को लेकर हुए विवाद में एक पुलिस सिपाही ने दुकान में कार चढ़ा दी। इससे दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। आईजी, एसएसपी सहित तमाम आला अधिकारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। सिपाही को निलंबित कर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में दरोगा को भी लाइन हाजिर किया गया है।

पालिका के वार्ड नंबर-एक मोहल्ला मझरा-प्रभु निवासी अजय रुहेला (25) पुत्र अशोक रुहेला की हल्द्वानी बस अड्डे के पास पान-तंबाकू की दुकान है। बुधवार की देर रात वह अपनी दुकान में सामान अंदर रख रहा था। तभी कार सवार पुलिसकर्मी प्रवीण कुमार, उसका साला जीवन व पहाड़ी कॉलोनी निवासी गौरव राठौर वहां पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से उधार सिगरेट देने को कहा। व्यवसायी ने दुकान बंद करने की बात कहते हुए सामान उधार देने से मना कर दिया।

आरोप है कि इससे गुस्साए पुलिस कर्मी व दोनों युवकों ने दुकानदार अजय रुहेला व पास खड़े उसके भाई गौरव रुहेला से अभद्रता शुरू कर दी। पास में अपनी मिठाई की दुकान पर बैठे परिवार के ही विशाल, शिवम पुत्र महेश रुहेला निवासी मोहल्ला मझरा प्रभु व अजय यादव पुत्र गिरवर यादव निवासी मोहल्ला राजीवनगर भी वहां पहुंच गए और गाली-गलौज का विरोध किया।

आरोप है कि तभी आरोपियों ने कार संख्या (यूके04/डब्ल्यू3100) को अचानक तेज गति से दुकान की तरफ दौड़ा दिया। कार की टक्कर से गौरव रुहेला, अजय रुहेला, विशाल, शिवम व अजय यादव घायल हो गए। सभी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गौरव रुहेला को हायर सेंटर रेफर किया। उसे हल्द्वानी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

संबंधित समाचार