बलरामपुर : बंद कमरे में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
उतरौला, बलरामपुर, अमृत विचार : थाना गैंड़ास बुजुर्ग के पीरगेंड़ास गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक बंद कमरे में पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले पर जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पांडे ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पीरगेंड़ास गांव में दो लोगों को उनके परिजन अस्पताल लेकर आए हैं, जिन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। एएसपी समेत सभी उच्चाधिकारियों व फील्ड यूनिट द्वारा मौके का मुआयना किया गया।
मृतकों की पहचान मनोज कुमार (28 वर्ष) और उसकी पत्नी मंजू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के दो छोटे बच्चे भी हैं। एएसपी विशाल पांडे ने बताया कि पति बाहर नौकरी करता था और जुलाई में ही घर आया था। परिजनों के अनुसार दोनों पति-पत्नी अपने कमरे में थे और कमरा अंदर से बंद था। जब भैया, भाभी और छोटे भाई ने दरवाजा पीटा और दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर दोनों बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला ले गए जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है। एएसपी ने बताया कि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, परिजन भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। सुसाइड वीडियो के सवाल पर एएसपी ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई वीडियो सामने नहीं आया है। मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण और परिजनों से गहन पूछताछ के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। शीघ्र ही घटना के सही तथ्य सामने लाए जाएंगे।
