Budaun News : हापुड़ में गंगा एक्सप्रेस वे पर पलटी कार, चार युवकों की मौत, एक घायल
जिला हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में रविवार रात लगभग 12 बजे हुआ हादसा
हापुड़ में गंगा एक्सप्रेस वे पर एक भीषण सड़क हादसे में थार कार पलटने से बदायूं के 4 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 1 गंभीर रूप से घायल है।
इस्लामनगर/उघैती, अमृत विचार। दिल्ली जा रहे युवकों की थार कार गंगा एक्सप्रेस वे पर जिला हापुड़ क्षेत्र में पलट गई। हादसे में दो सगे भाई समेत चार युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। शव गांव पहुंचे तो परिजनों में चीत्कार मच गया।
थाना उघैती क्षेत्र के गांव मेवली निवासी दो भाई जसवीर (25) और जसवंत (20) पुत्र होतीलाल, बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव पालपुर निवासी जोगिंदर उर्फ कल्लू (26) पुत्र झाझन, थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव पुरदलपुर निवासी रवि (20) पुत्र चरन सिंह कार से दिल्ली जा रहे थे। हापुड़ जिले के थाना सिंभावली क्षेत्र में रविवार रात लगभग 12 बजे कार अनियंत्रित होकर गंगा एक्सप्रेस वे पर कई बार पलटी। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें सवार युवक कार में फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी युवकों को अस्पताल ले जाया गया।
जहां चिकित्सक ने सुखवीर, जसवंत, जोगिंदर और रवि को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल पालपुर निवासी विष्णु (17) पुत्र गिरिराज को भर्ती कर लिया। वह सभी दिल्ली की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे। रक्षाबंधन के त्यौहार पर गांव आए थे। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। कार की गति 100 से 120 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें - Pilibhit News : पीटीआर की महोफ रेंज में हाथियों का तांडव, तीन मचान क्षतिग्रस्त, तारफेंसिंग भी तोड़ी
