श्रावस्ती : आधी रात से लापता मां-बेटी के शव तालाब से बरामद, जांच में जुटी पुलिस
हरदत्तनगर गिरंट के इमलिया गांव की घटना, घरेलू कलह और मानसिक तनाव के चलते तालाब में छलांग लगाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
बदला चौराहा(श्रावस्ती), अमृत विचार : हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासी मां-बेटी का शव सोमवार की दोपहर छोटी इमलिया गांव के पास तालाब में उतराता मिला। शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मां-बेटी रविवार रात से लापता थीं, जिनकी परिजन तलाश कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इमलिया गांव निवासी शबीना (32) पत्नी इसराइल रविवार की रात से अपनी नौ माह की बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान शबीना व उनकी बेटी का शव गांव के पास ही तालाब में उतराता दिखे गया।
शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार शबीना ने घरेलू कलह के चलते बेटी के साथ तालाब में छलांग लगा दी थी। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इस संबंध में थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय का कहना है घटना की जांच की जा रही है।
